हिमाचल में शिक्षा विभाग ने 1029 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों को दी नियुक्ति
बैचवाइज आधार पर मिली नियुक्ति, पांच से 20 अगस्त तक दिया जाएगा प्रशिक्षण
HNN/ शिमला
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी अब दूर होगी। शिक्षा विभाग ने 1029 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों (टीजीटी) को नियुक्ति दी है। बैचवाइज आधार पर ये शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। इनमें 498 टीजीटी कला संकाय के हैं, जबकि 335 नॉन मेडिकल व 196 मेडिकल संकाय के हैं।
काफी समय से ये शिक्षक नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे। बता दें नवंबर, 2023 में काउंसलिंग हुई थी। इस वर्ष मार्च में इनको नियुक्ति देने की तैयारी थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लग गई। लोकसभा चुनाव के बाद उपचुनाव की घोषणा हुई व आचार संहिता लग गई। इस कारण मामला लटका रहा।
अब शिक्षा विभाग ने आचार संहिता हटने के बाद नियुक्ति आदेश जारी किए की हैं। बता दें दो वर्ष अनुबंध का कार्यकाल होगा, जिसके बाद इन्हें नियमित किया जाएगा। बैचवाइज आधार पर चयनित शिक्षकों को शिक्षा विभाग प्रशिक्षण देगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) में पांच से 20 अगस्त तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह पहला अवसर है जब विभाग बैचवाइज आधार पर नियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण देने जा रहा है। इसमें शिक्षकों को पढ़ाने की आधुनिक तकनीक के बारे में बताया जाएगा। विभाग का कहना है कि बैचवाइज आधार पर जिन शिक्षकों को नियुक्ति दी गई है, उन्होंने अपनी बीएड की डिग्री वर्षों पहले की है।
अधिकतर लोग ऐसे हैं जो किसी अन्य पेशे में है। ऐसे में इनको पढ़ाने की तकनीक सिखाई जाएगी। इसके लिए पाठ्यक्रम पहले तैयार हो चुका है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि 15 दिन का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।