हिमाचल में 1 सप्ताह तक खराब रहेगा मौसम, भारी बारिश और बर्फबारी के आसार
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है और आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने 1 हफ्ते के दौरान प्रदेश में मौसम के खराब बना रहने की संभावना जताई है। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी होगी तो वहीं कई क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के तहत 20 जनवरी तक जिला चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और शिमला में बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
इसके अलावा 21 से 26 जनवरी तक प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का क्रम बढ़ने की संभावना है। 24 से 26 जनवरी को भारी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इस दौरान किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू के साथ शिमला, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर जिले व आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी हो सकती है।