हिमाचल में 24 जगहों पर हिमस्खलन की चेतावनी, हेल्पलाइन नंबर जारी….
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में हिम और हिमस्खलन अध्ययन संस्थान मनाली (सासे) ने इसको लेकर चेतावनी भी जारी कर दी है। बता दें कि यह चेतावनी कुल्लू सहित लाहौल-स्पीति, पांगी-किलाड़, किन्नौर के ऊंचाई वाले भागों समेत 24 जगहों के लिए जारी हुई है।
वही सासे द्वारा हिमस्खलन को लेकर जारी की गई चेतावनी के चलते प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। सहायक आयुक्त कुल्लू शशिपाल नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है जिसके चलते उन्होंने लोगों से इन इलाकों से दूर रहने की अपील की है। स्थानीय प्रशासन ने आपदा की घटना पर मदद लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1077 और 1070 जारी किए हैं।