Loading...

हिमाचल में 468 सड़के बंद, 234 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित

Ankita • 29 Jul 2023 • 1 Min Read

कुल्लू के आनी में फटा बादल, आसपास की सभी सड़कें क्षतिग्रस्त

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारी बारिश के चलते जगह जगह भूस्खलन का सिलसिला भी जारी है। भूस्खलन होने से प्रदेश में अभी भी कई सड़के बंद पड़ी हुई है। जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बता दें हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते अभी भी शनिवार शाम तक 468 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। इसके अलावा 234 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। शुक्रवार रात को कुल्लू के आनी के जाबन क्षेत्र में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ।

देर रात आनी बाजार के पास से गुजर रही देहुरी खड्ड के किनारे बसे लोगों के घर खाली करवाए गए। बाढ़ से इलाके के खेत और बगीचे तबाह हो गए हैं। आसपास की सभी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कुल्लू के सैंज के जतेहड़ गांव में पहाड़ी में भूस्खलन से तीन परिवारों को घर छोड़कर प्राइमरी स्कूल में शरण लेनी पड़ी है।

चंबा के चुराह के देहरा में एक कच्चा मकान ढह गया। हमीरपुर के भोरंज में बारिश के कारण दो पशुशालाएं और दो कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। पिछले दिनों गड़सा में बादल फटने से बही एक कार शनिवार को खड्ड से निकाली गई।