हिमाचल में 530 सड़कें व 2897 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप, 214 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में आज ऑरेंज अलर्ट के बीच बारिश जमकर अपना कहर बरपा रही है। प्रदेश में कई जगह भूस्ख़लन तो कहीं बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही है। प्रदेश में जगह जगह हो रहे भूस्ख़लन के चलते सैंकड़ो मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़े हुए है, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे समेत 530 सड़कें अवरुद्ध हैं। सलोगड़ा के समीप परवाणू शिमला फोरलेन बंद हो गया है। कुल्लू को जोड़ने वाली सड़कें बंद हो गई हैं। इस वजह से सैकडों वाहन फंस गए हैं। उधर, कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच चक्कीमोड़ में वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है।
बारिश के बीच सुबह करीब 4:00 बजे पहाड़ी से मलबा और पत्थर सड़क पर आए हैं। इसके चलते सड़क पर से सभी प्रकार के वाहनों की रफ्तार पर रोक लग गई है। इसके अलावा 2897 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप है। वहीं राज्य में 214 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही है।
