Loading...

हिमाचल में 75 साल से अधिक आयु के पेंशनरों को एरियर की अधिसूचना जारी, 28 हजार पेंशन भोगियों को मिलेगी राहत

PARUL • 29 Aug 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने 75 साल और इससे अधिक आयु के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशन धारकों को पेंशन एरियर की अधिसूचना जारी की है। इस आयु वर्ग के पेंशनरों को जनवरी 2016 से देय संशोधित पेंशन का एरियर मिलेगा, जिससे लगभग 28,000 पेंशन भोगियों को राहत मिलेगी।

संशोधित पेंशन एरियर के भुगतान पर लगभग 450 करोड़ रुपये की रकम खर्च होने का अनुमान है। राज्य सरकार ने पहले ही 55% भुगतान कर दिया था, और अब अगस्त में 22.50% और भुगतान किया जाएगा, जिससे कुल 77.50% संशोधित पेंशन एरियर का भुगतान हो जाएगा ।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसकी घोषणा 15 अगस्त को देहरा में की थी।

सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 75 साल से अधिक आयु के सभी पेंशनरों को इस वित्त वर्ष के अंत तक सारा बकाया एरियर जारी करने की घोषणा की थी।यह किस्त सितंबर 2022 और मार्च 2024 की पिछली किस्तों के बाद दी जा रही है। नवीनतम भुगतान पेंशन या पारिवारिक पेंशन बकाया के शेष बचे 45% का 22.50% का होगा।