हिमाचल सरकार का बड़ा बयान : किसी भी मंदिर का सोना -चांदी नहीं रखेगी गिरवी
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह राज्य के किसी भी मंदिर का सोना-चांदी गिरवी नहीं रखेगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में कहा कि सरकार के पास इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर जानबूझकर सनसनी फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि वे हिमाचल को अस्थिर करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिरों का सोना-चांदी गिरवी रखने की बात नेता प्रतिपक्ष के मन की सोच है और ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष केवल सनसनी फैलाने के लिए यह बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जिम्मेदारी से बोलें। सरकार किसी भी मंदिर का सोना-चांदी गिरवी रखने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि डमटाल के राम गोपाल मंदिर के परिसर के जीर्णोद्धार के लिए जो 9 करोड़ रुपए की स्वीकृति ली है, उस पर फिलहाल रोक लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भाषा, कला व संस्कृति विभाग के सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाकर इस मंदिर का पूरा लेखा जोखा जुटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर मंदिर का जीर्णोद्धार शुरू किया जाएगा, लेकिन यह कार्य तब होगा, जब कमेटी की रिपोर्ट आ जाएगी।