हिमाचल सरकार ने शहरी निकायों में आरक्षण रोस्टर किया स्थगित, नई जनगणना आंकड़ों का इंतजार
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव पर जनगणना का असर
हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए सीटों के आरक्षण रोस्टर को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।
यह महत्वपूर्ण निर्णय नवीनतम जनगणना आंकड़ों की अनुपलब्धता के कारण लिया गया है।प्रधान सचिव (शहरी विकास) द्वारा सभी उपायुक्तों को भेजे गए एक आधिकारिक पत्र (संख्या UD-A(1)-4/2025-ढीला) में यह स्पष्ट किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि जब तक नई जनगणना के आंकड़े आधिकारिक तौर पर जारी नहीं हो जाते, तब तक आरक्षण रोस्टर न तो जारी किया जाएगा और न ही लागू होगा। पत्र में आगे उल्लेख किया गया है, “जनगणना में देरी के कारण संबंधित समुदायों के मतदाताओं की वास्तविक संख्या ज्ञात नहीं है, जिससे आरक्षण प्रक्रिया को निष्पक्ष और सटीक तरीके से लागू करना संभव नहीं है।
“इस निर्देश के तहत, सभी उपायुक्तों को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है कि किसी भी नगर निगम, नगर परिषद या नगर पंचायत के चुनावों के लिए आरक्षण रोस्टर तब तक तैयार या लागू न किया जाए, जब तक अद्यतन आंकड़े उपलब्ध न हों।
सरकार के इस फैसले का असर आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों पर पड़ सकता है, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां पहले से आरक्षण सूची तैयार की जा रही थी। हालांकि, सरकार का कहना है कि यह निर्णय सभी समुदायों को उचित और सटीक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
यह निर्देश प्रदेश के सभी जिलों पर लागू होगा, सिवाय लाहौल-स्पीति और किन्नौर के, जिन्हें इस आदेश से बाहर रखा गया है।