हिमाचल हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बने जस्टिस तरलोक सिंह चौहान
HNN/ शिमला
न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान को मंगलवार को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से मंगलवार को एक अधिसूचना जारी कर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति से संबंधित घोषणा की गई।
अधिसूचना के अनुसार, न्यायमूर्ति चौहान की नियुक्ति 20 अप्रैल से की गई है। बता दें मौजूदा कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ती सबीना का कार्यकाल 19 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। न्यायमूर्ती सबीना को इस साल जनवरी में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
इस साल फरवरी में उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने सिफारिश की थी कि उन्हें हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए। विधि मंत्री किरेन रीजीजू ने ट्वीट किया, ‘‘भारत के संविधान के प्रावधानों के अनुसार, राष्ट्रपति ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान को 20 अप्रैल 2023 से उसी उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।’’