हैवानियत: पति ने पत्नी को जलाकर उतारा मौत के घाट
HNN/ऊना
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में हैरान कर देने वाली एक वारदात पेश आई है। यहां हरोली उपमंडल के पंजावर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को जला कर मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान 55 वर्षीय आशा पत्नी अशोक कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की तह तक जाने के लिए फोरेंसिक टीम की मदद भी ली जा रही है।
प्राप्त जानकरी के अनुसार, मृतका आशा रानी का बेटा और बहू किसी काम के चलते घर से बाहर गए थे, जबकि वह अपने घर पर पति के साथ मौजूद थी। बुधवार सुबह जब बेटा अपनी नौकरी पर जाने के लिए घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को वहां पर नहीं पाया। जिसके चलते उसने पिता से मां के बारे में पूछा तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
जिसके बाद बेटे ने घर के आसपास अपनी मां की तलाश शुरू की। इसी दौरान घर के आंगन के साथ सिंचाई के लिए बनी हौदी में उसे एक जला हुआ कंकाल दिखाई दिया। उसे तुंरत ही इसकी सूचना अपनी बहन और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। साथ ही मृतका के बच्चों के भी बयान दर्ज कर लिए हैं।
एएसपी संजीव कुमार भाटिया ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है जबकि फॉरेंसिक टीम को भी साइंटिफिक एविडेंस जुटाने के लिए मौके पर बुलाया गया है।