12,000 लोगों की स्क्रीनिंग के बाद जिला में यहाँ मिले टीबी के इतने नए मरीज
HNN / चंबा
जिले के दस गांवों में 12,000 लोगों की स्क्रीनिंग करने पर छह नए टीबी के मरीज मिले हैं। टीबी मुक्त अभियान के तहत जिले के दस चिह्नित गांवों में लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अभियान में 677 लोग टीबी संभावित लक्षणों वाले मिले हैं। इन मरीजों को जरूरी दवाइयां आवंटित कर दी गई हैं।
बता दे कि स्वास्थ्य विभाग चंबा ने इस बार टीबी मुक्त अभियान के तहत सिल्वर मेडल के लिए आवेदन किया है। ऐसे में गांवों में टीबी मरीजों की पहचान करने का अभियान लगातार जारी है। टीम में शामिल दो सदस्य हरेक गांव में जाकर परिवार के सभी सदस्यों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं।
उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि स्क्रीनिंग अभियान में अब तक छह नए टीबी मरीज सामने आए हैं। गांवों में स्क्रीनिंग करने का कार्य जारी है। इस बार उन्हें पूरी उम्मीद है कि जिले को सिल्वर मेडल प्राप्त होगा।
