HNN/ ऊना
जिला ऊना के उपमंडल हरोली की एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। बता दें 16 वर्षीय नाबालिग लड़की पिछले 3 दिनों से लापता है। वहीं नाबालिग लड़की के परिजनों ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। इसी के साथ परिजनों ने जालंधर के एक युवक पर उनकी लड़की को भगाने का आरोप भी लगाया है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस लड़की की तलाश में भी जुट गई है। पुलिस को दी गई शिकायत में परिजनों ने बताया कि 31 मई को रोजाना की तरह उनकी बेटी काम से दोपहर को खाना खाने के लिए घर लौटी, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गई।
जिसके बाद परजनों ने अपनी बेटी की काफी तलाश की, परंतु उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी के बैग से एक पत्र मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि मैं जा रही हूं और मुझे ढूंढने का प्रयास न करें। खत में जालंधर के एक युवक का भी जिक्र किया गया है। जिसके बाद परिजनों ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की पुष्टि डीएसपी हरोली मोहन रावत ने की है।

