Loading...

17 वर्षीय नाबालिग अभिषेक की मौत मामले में चौकी प्रभारी व कांस्टेबल सस्पेंड

Ankita 28 May 2023 Edited 28 May 1 min read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला से लापता शिलाई का रहने वाला रहने वाला 17 वर्षीय नाबालिग अभिषेक की मौत मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कसुम्पटी चौकी प्रभारी और कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है।

बता दें कि शिमला से पिछले 29 अप्रैल से लापता युवक अभिषेक पुत्र वीर सिंह निवासी बाली कोटी, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर का शव कसुम्पटी पुलिस स्टेशन के पास लटका था, परिजनों का कहना है कि अभिषेक की हत्या की गई और उसे पेड़ से लटकाया गया है।

अभिषेक शिमला में रह रहा था और संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गायब हो गया। पुलिस ने भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार युवक को आखिरी बार 29 अप्रैल की सुबह साढ़े 9 बजे रानी ग्राउंड, कसुम्पटी के पास देखा गया था। उसके बाद युवक को किसी ने नहीं देखा।

अभिषेक का शव शनिवार को पुलिस चौकी से महज कुछ फासले पर पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई थी। इस घटना के विरोध में मृतक के परिजनों सहित लोगों ने देर रात एसपी दफ्तर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस अभिषेक की मौत के मामले में गंभीरता से काम नहीं कर रही है। मृतक नाबालिग के दादा ने कहा कि जिन लोगों पर हत्या का शक था, उनके खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई। वहीं, हंगामा बढ़ता देख एसपी शिमला संजीव गांधी ने भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर मामला शांत किया।

परिजन लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग भी कर रहे थे। बहरहाल, एसपी शिमला संजीव गांधी ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई। एक सप्ताह के भीतर मामले की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। एसपी शिमला खुद पूरे मामले की जांच पर नजर रखेंगे।

एएसपी सुनील नेगी पूरे मामले की जांच करेंगे। इस जांच में साइबर सेल के अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा। मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड और लोकेशन का भी पूरा डाटा लिया जाएगा। साथ ही पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।