Loading...

19 वर्षीय युवक ने उठाया खौफनाक कदम, यह है वजह….

PARUL • 7 Sep 2023 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी के उपमंडल सरकाघाट से एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मामला सरकाघाट उपमंडल के तहत आने वाले तताहर गांव के पेट्रोल पंप का है। जहां एक युवक ने गलती से कार में पेट्रोल की जगह डीजल भर दिया और इसी गलती से घबराकर उसने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 19 वर्षीय कर्ण गुप्ता पुत्र हरीश गुप्ता निवासी गांव एवं डाकघर थौना के रुप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्ण गुप्ता करीब 16 दिन से तताहर क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर तेल भरने का काम कर रहा था। जिस दौरान बीती रात पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए एक कार आई और कर्ण से पेट्रोल भरने के लिए कहा। तभी कर्ण ने गलती से कार में पेट्रोल की जगह डीजल भर दिया। जब कर्ण को पता चला की उसने कार में डीजल भर दिया तो उसने कार के मालिक को अपनी गलती बताई।

कार मालिक ने कार को पंप पर ही खड़ा कर दिया गया और उसे फटकार लगाई गई। जिसके बाद कर्ण रातभर काम करता रहा और सुबह अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। लेकिन सुबह जब लोगों ने उसका कमरा खटखटाया तो उसने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने दरवाजे को तोड़ दिया। तभी जब लोगों ने कर्ण को फंदे में लटका देखा तो उनके होश उड़ गए।

जिसके बाद लोगों ने इस घटना की सुचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बता दें की कर्ण अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसने हाल ही में पपलोग से आईटीआई पास की थी। गरीबी के कारण पेट्रोल पंप पर काम कर रहा था। सौम्या सांबशिवन एसपी मंडी द्वारा मामले की पुष्टि की गई।