Month: February 2025

  • उपायुक्त ने गौवंश अभ्यारण्य के लिए चयनित भूमि का किया निरीक्षण

    उपायुक्त ने गौवंश अभ्यारण्य के लिए चयनित भूमि का किया निरीक्षण

    ग्राम पंचायत नगनोली में 397 कनाल भूमि का निरीक्षण

    उपायुक्त जतिन लाल ने बुधवार को ग्राम पंचायत नगनोली का दौरा कर प्रस्तावित गौवंश अभ्यारण्य के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया। नगनोली के लबाना माजरा में 397 कनाल भूमि चिन्हित की गई है, जहां लगभग 4.50 करोड़ रुपये की लागत से गौवंश अभ्यारण्य का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के पहले चरण के लिए सरकार से 2.75 करोड़ रुपये की धनराशि की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

    500 गौवंश के लिए शेड और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी

    जतिन लाल ने बताया कि गौवंश अभ्यारण्य के पूर्ण निर्माण के बाद इसमें 500 गौवंश के रहने की व्यवस्था होगी। यहां 6 शेड बनाए जाएंगे, जिनमें से 5 शेड गौवंश के लिए तथा एक शेड चारे के लिए होगा। इसके अतिरिक्त, फार्मासिस्ट रेजिडेंस के निर्माण के साथ अन्य सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे अभ्यारण्य का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

    भूमि हस्तांतरण और आवश्यक स्वीकृतियां पूरी

    उपायुक्त ने जानकारी दी कि गौवंश अभ्यारण्य के निर्माण के लिए भूमि को पशुपालन विभाग के नाम हस्तांतरित किया जा चुका है तथा वन विभाग से आवश्यक स्वीकृतियां भी प्राप्त की जा चुकी हैं। वर्तमान में सीमांकन का कार्य प्रगति पर है। उपायुक्त ने अधिकारियों को इसे 20 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांकन कार्य पूर्ण होते ही एचपीएसआईडीसी के माध्यम से तारबंदी का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

    अधिकारियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति

    इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, ग्राम पंचायत नगनोली के प्रधान मेहताब ठाकुर, एचपीएसआईडीसी के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कतना, पशुपालन विभाग की डॉ. स्मृति, वन विभाग से अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • आज का राशिफल : 20 फरवरी 2025 / खुशियों और सफलता का दिन ,जानें अपना राशि फल

    आज का राशिफल : 20 फरवरी 2025 / खुशियों और सफलता का दिन ,जानें अपना राशि फल


    क्या आज का दिन आपके लिए शुभकारी रहेगा?

    • व्यापारियों को अधिक लाभ होगा।
    • नौकरीपेशा लोगों के लिए मेहनत बढ़ेगी।
    • विद्यार्थियों को अच्छे परिणाम मिलेंगे।
    • स्वास्थ्य में सुधार होगा।
    • दांपत्य जीवन में मधुरता आएगी।

    मेष राशि (Aries)

    आज का दिन बेहतरीन रहेगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। व्यापार में सफलता मिलेगी और धन लाभ होगा। कला क्षेत्र से जुड़े लोगों को सराहना मिलेगी। दांपत्य जीवन में सुख मिलेगा और सेहत में सुधार होगा।

    वृष राशि (Taurus)

    व्यापार में अच्छा लाभ होगा। नवविवाहितों के बीच हल्की नोकझोंक रिश्तों में मिठास लाएगी। पैसों के लेन-देन में सावधानी बरतें। नौकरी में अधिक मेहनत की जरूरत है। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिलेगी।

    मिथुन राशि (Gemini)

    नई उमंग और खुशी बनी रहेगी। सामाजिक दायरा बढ़ेगा और सम्मान मिलेगा। किसी मित्र से सहयोग मिलेगा। भाषा पर संयम रखें, अन्यथा कोई विरोध कर सकता है। रिश्तेदारों के आगमन से घर का माहौल खुशनुमा रहेगा।

    कर्क राशि (Cancer)

    विद्यार्थियों को सफलता मिलेगी, लेकिन मेहनत बढ़ानी होगी। परिवार के साथ अच्छा समय बिताने को मिलेगा। ऑफिस में सहयोगियों से समर्थन मिलेगा। राजनीतिक संपर्कों से फायदा होगा और काम में प्रगति होगी।

    सिंह राशि (Leo)

    घर के बड़ों से प्रेरणा मिलेगी। समाज में प्रतिष्ठा बढ़ेगी और बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। व्यापार में विस्तार के सुझाव मिल सकते हैं।

    कन्या राशि (Virgo)

    काम और परिवार के बीच संतुलन बनाए रखें। नए तरीकों से कार्य सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। नए वाहन का सुख मिलेगा। माता-पिता का सहयोग मिलेगा, जिससे विद्यार्थी अच्छी तरह पढ़ाई कर पाएंगे।

    तुला राशि (Libra)

    व्यापार में रुकी हुई योजनाएं शुरू होंगी। नौकरी में समय पर कार्य पूरे करने होंगे। लवमेट के साथ लॉन्ग ड्राइव का योग है। स्वास्थ्य पर ध्यान दें। घरेलू मुद्दों को समझदारी से हल करें।

    वृश्चिक राशि (Scorpio)

    धार्मिक स्थल पर जाने का योग है। यात्रा सुखद रहेगी। आत्मविश्लेषण करें और अपने व्यक्तित्व का आकलन करें। पुराने मित्रों से मुलाकात होगी और यादें ताजा होंगी।

    धनु राशि (Sagittarius)

    खुशियों का नया रास्ता खुलेगा। पारिवारिक सुख-सुविधा का लाभ मिलेगा। राजनीतिक संपर्क बढ़ेंगे। रुके हुए कार्य गति पकड़ेंगे। भक्ति भाव में वृद्धि होगी और गौ सेवा करने का मन बनेगा।

    मकर राशि (Capricorn)

    ऑटोमोबाइल व्यापार में लाभ मिलेगा। दोस्तों के साथ यात्रा का योग है। प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े लोगों को फायदा होगा। नया व्यापार शुरू करने के लिए दिन अच्छा है। छात्रों के लिए प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म भरने का योग है।

    कुंभ राशि (Aquarius)

    सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। किसी की मदद करने से आत्मसंतोष मिलेगा। नए रिश्ते की शुरुआत का अवसर मिलेगा। ऑफिस में सराहना मिलेगी। संतान के करियर को लेकर चिंतित रह सकते हैं, गुरु से मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

    मीन राशि (Pisces)

    माता को गिफ्ट देने से उनका आशीर्वाद मिलेगा। रुके हुए कार्य पूरे होंगे। सुनने पर ज्यादा ध्यान दें, महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। कवियों की रचनाओं की सराहना होगी। खर्च बढ़ सकता है, इसलिए समझदारी से खर्च करें।


  • जिला सिरमौर में खनन रक्षक पद के लिए अब तक 326 आवेदन प्राप्त , 22 फरवरी अंतिम तिथि

    जिला सिरमौर में खनन रक्षक पद के लिए अब तक 326 आवेदन प्राप्त , 22 फरवरी अंतिम तिथि

    स्नातक योग्यता अनिवार्य, ग्राउंड टेस्ट भी होगा अनिवार्य

    हिमाचल प्रदेश के उद्योग विभाग के खनन विंग में खनन रक्षक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रदेश में कुल 80 खनन रक्षक पदों के लिए भर्ती की जानी है, जिनमें जिला सिरमौर के लिए आठ पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के लिए अब तक 326 आवेदन जिला उद्योग केंद्र में प्राप्त हो चुके हैं।

    22 फरवरी अंतिम तिथि, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर जोर

    आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 फरवरी तय की गई है। इस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सहायक आयुक्त जिला सिरमौर की अध्यक्षता में एक चयन समिति का गठन किया गया है। इस समिति में माइनिंग ऑफिसर और उद्योग विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन समिति भर्ती प्रक्रिया की तिथियों को तय करेगी।

    शैक्षणिक योग्यता और ग्राउंड टेस्ट अनिवार्य

    खनन रक्षक पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का स्नातक (ग्रेजुएट) होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, उम्मीदवारों को एक ग्राउंड टेस्ट भी देना होगा, जिसमें उनकी शारीरिक क्षमता की जांच की जाएगी।

    भर्ती प्रक्रिया और परीक्षण मापदंड

    22 फरवरी को आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, 28 फरवरी से पहले सभी आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी। उसके बाद ग्राउंड टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें उम्मीदवारों को निम्नलिखित शारीरिक मानकों को पूरा करना होगा:

    • दौड़ परीक्षण:
      • पुरुषों को 100 मीटर की दौड़ 14 सेकंड में पूरी करनी होगी।
      • महिलाओं को 100 मीटर की दौड़ 17 सेकंड में पूरी करनी होगी।
      • पुरुषों को 1500 मीटर दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी।
      • महिलाओं को 800 मीटर दौड़ 6 मिनट में पूरी करनी होगी।
    • शारीरिक मानक:
      • पुरुषों की न्यूनतम ऊंचाई 165 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
      • महिलाओं की न्यूनतम ऊंचाई 150 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
      • पुरुषों के लिए छाती का माप 79 सेंटीमीटर और महिलाओं के लिए 74 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है।

    90 अंकों के आधार पर बनेगी मेरिट सूची

    इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 90 अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। उम्मीदवारों के प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर उन्हें चयनित किया जाएगा।

    भर्ती प्रक्रिया की पुष्टि

    महाप्रबंधक, उद्योग विभाग जिला सिरमौर साक्षी सती और जिला खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा ने इस खबर की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

  • रेखा गुप्ता बनी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री

    रेखा गुप्ता बनी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री

    दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री, प्रवेश वर्मा को बनाया गया डिप्टी सीएम !

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नई दिल्ली

    आखिर 11 दिनों के लंबे इंतजार के बाद रेखा गुप्ता को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री घोषित कर दिया गया है। बता दें कि छात्र संघ की राजनीति से यहां तक पहुंची रेखा गुप्ता पार्षद भी रह चुकी हैं।

    वही अरविंद केजरीवाल को हारने वाले प्रवेश वर्मा को बतौर इनाम उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। रेखा गुप्ता का नाम प्रवेश वर्मा प्रपोज करवाया गया था। प्रवेश वर्मा के उपमुख्यमंत्री बनने पर भाजपा ने जाट वोट बैंक को भी बैलेंस बनाने का कार्य किया है।

    प्रवेश वर्मा जाट समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उनको उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर जाट वर्ग मे खुशी की लहर है। अब जिस प्रकार जिन-जिन राज्यों में भी भाजपा की सरकार है उनमें दिल्ली ही एक है जहां भाजपा की कोई महिला मुख्यमंत्री होगी। रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद में हुआ बताया जा रहा है।

    रेखा गुप्ता 2007 में पीतमपुरा दिल्ली से पार्षद बनी थी। हालांकि डिप्टी सीएम को लेकर आधिकारिक घोषणा पार्टी के द्वारा नहीं की गई है। मौके से हमारे सहयोगी संवाददाता ने बताया कि जब उनके द्वारा रेखा गुप्ता का नाम मुख्यमंत्रीक लिए प्रपोज करवाया गया तब प्रवेश वर्मा के चेहरे पर एकदम उदासी झलक रही थी।

    बरहाल सीएम की घोषणा होने के बाद रेखा गुप्ता अपना दावा पेश करने के लिए दिल्ली के LG के दफ्तर चली गई। पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार करीब 8:50 पर रेखा गुप्ता राज्यपाल से मिलेंगी। कल 12:50 पर रेखा गुप्ता का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

    बता दे की रेखा गुप्ता लॉ ग्रेजुएट हैं। रेखा गुप्ता एमसीडी में मेयर भी रह चुकी है। वहीं जहां भाजपा विधायक राजभवन की और रवाना हुए हैं तो वहीं प्रवेश वर्मा उदास चेहरे के साथ अपने घर की ओर गए हैं।

    वही रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुने जाने पर हिमाचल प्रदेश भाजपा अधक्ष डॉ राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बधाई दी है।

  • उपायुक्त ने ईसपुर में प्रस्तावित नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण

    उपायुक्त ने ईसपुर में प्रस्तावित नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण

    सकारात्मक वातावरण और पुनर्वास के लिए बहुआयामी सुविधाओं का होगा विकास

    50 बिस्तरों की सुविधा वाला पुनर्वास केंद्र स्थापित किया जाएगा

    ऊना, 19 फरवरी – उपायुक्त जतिन लाल ने बुधवार को ईसपुर का दौरा कर वहां प्रस्तावित नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र के भवन का निरीक्षण किया। यह केंद्र 50 बिस्तरों की सुविधा के साथ स्थापित किया जाएगा और इसका संचालन गुजन संस्था द्वारा किया जाएगा। केंद्र को वहां उपलब्ध सरकारी भवन में खोला जाएगा, जो पहले वन विभाग के उपयोग में था।

    भवन की मरम्मत और सुधार कार्यों के निर्देश

    निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एसडीएम को भवन में आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्यों के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को इस केंद्र में योग, बैडमिंटन, वॉलीबॉल जैसे खेलों के साथ-साथ गार्डनिंग और खेती जैसी रचनात्मक गतिविधियों की सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया। इसका उद्देश्य उपचाराधीन लोगों को सक्रिय और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना है, जिससे उनकी पुनर्वास प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सके।

    नशे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम

    उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि यह केंद्र नशे के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। पुनर्वास के साथ-साथ प्रभावित लोगों को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी, जिससे वे अपने जीवन को फिर से पटरी पर ला सकें। केंद्र में योग, खेल और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

    जनसमस्याओं का भी लिया जायजा

    निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने ईसपुर में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने सड़क पर पानी निकासी की समस्या और बिजली के खंभों से लटकते तारों का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

    इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी अनीता शर्मा, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं सीपीओ संजय सांख्यान, गुजन संस्था के प्रतिनिधि डॉ. बलदेव डोगरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

  • करच्छम कृत्रिम झील को जल क्रीड़ा गतिविधियों के लिए नामित किया गया

    करच्छम कृत्रिम झील को जल क्रीड़ा गतिविधियों के लिए नामित किया गया

    पर्यटन विकास के तहत 15 सदस्यीय समिति गठित, उपायुक्त किन्नौर होंगे अध्यक्ष

    किन्नौर : हिमाचल प्रदेश सरकार ने किन्नौर जिले के करच्छम स्थित कृत्रिम झील को जल क्रीड़ा गतिविधियों के लिए नामित किया है। इस पहल के तहत झील में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और जल खेलों को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए एक विशेष बैठक का आयोजन जिला उपायुक्त कार्यालय सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की।

    जल क्रीड़ा गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने की योजना

    बैठक में निर्णय लिया गया कि करच्छम झील में पर्यटन गतिविधियों के सफल संचालन के लिए “करच्छम झील पर्यटन विकास समिति” का गठन किया जाएगा। इस समिति में कुल 15 सदस्य शामिल होंगे।

    समिति की संरचना

    • अध्यक्ष: उपायुक्त किन्नौर
    • उपाध्यक्ष: उपमंडलाधिकारी, कल्पा
    • सचिव: सहायक अरण्यपाल, वन विभाग

    इस समिति का कार्य झील में जल क्रीड़ा गतिविधियों के सफल कार्यान्वयन, सुरक्षा मानकों की निगरानी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं तैयार करना होगा।

    बैठक में उपस्थित अधिकारी

    इस बैठक में प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे, जिनमें प्रमुख रूप से:

    • उपमंडलाधिकारी, कल्पा – डॉ. मेजर शशांक गुप्ता
    • सहायक अरण्यपाल, वन विभाग – डॉ. करण
    • मुख्य चिकित्सा अधिकारी – डॉ. सोनम नेगी
    • उपपुलिस अधीक्षक – नवीन जालटा
    • खंड विकास अधिकारी, कल्पा – प्यारे लाल नेगी

    इसके अलावा अन्य संबंधित अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

    पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

    करच्छम कृत्रिम झील में जल क्रीड़ा गतिविधियों की शुरुआत से न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। यह झील साहसिक खेल प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है, जिससे स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा।

  • सिरमौर पुलिस भर्ती : शारीरिक परीक्षा में 834 अभ्यर्थियों ने लिया भाग , 179 हुए सफल

    सिरमौर पुलिस भर्ती : शारीरिक परीक्षा में 834 अभ्यर्थियों ने लिया भाग , 179 हुए सफल

    पुलिस लाइन नाहन में चल रही भर्ती प्रक्रिया, सख्त मानकों पर हो रही परीक्षा

    नाहन: जिला सिरमौर में महिला और पुरुष आरक्षी पदों की भर्ती के लिए 11 फरवरी 2025 से 20 फरवरी 2025 तक पुलिस लाइन नाहन में शारीरिक प्रवीणता परीक्षा (PET) और शारीरिक मापदंड परीक्षा (PMT) का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती प्रक्रिया पुलिस उप महानिरीक्षक अंजुम आरा की अध्यक्षता में संचालित की जा रही है।

    1200 अभ्यर्थियों को जारी हुए एडमिट कार्ड, 834 ने दी परीक्षा

    आज 19 फरवरी 2025 को पुरुष आरक्षी पद हेतु कुल 1200 अभ्यर्थियों को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। इनमें से 834 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि शेष अभ्यर्थी विभिन्न कारणों से अनुपस्थित रहे।

    सख्त परीक्षा प्रक्रिया, सिर्फ 179 अभ्यर्थी हुए सफल

    परीक्षा के दौरान शारीरिक दक्षता के मानकों को पूरा करना सभी अभ्यर्थियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। 834 प्रतिभागियों में से केवल 179 अभ्यर्थी ही परीक्षा में सफल हो सके, जबकि 654 अभ्यर्थी परीक्षा पास करने में असफल रहे

    भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता

    पुलिस विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। शारीरिक परीक्षा में अभ्यर्थियों को सख्त मानकों के आधार पर परखा गया, ताकि योग्य और फिट उम्मीदवारों का चयन हो सके।

  • धर्मशाला की पुरानी कूहलों को मिलेगा नया जीवन, जीर्णोद्धार की तैयारी शुरू

    धर्मशाला की पुरानी कूहलों को मिलेगा नया जीवन, जीर्णोद्धार की तैयारी शुरू

    डीसी और एमसी कमिश्नर ने 6 किमी पैदल चलकर किया निरीक्षण, जल संकट से मिलेगी राहत

    धर्मशाला : धर्मशाला शहर की पुरानी कूहलें एक बार फिर तरोताजा होंगी। जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से इनका जीर्णोद्धार करने की योजना बनाई है। इस पहल के तहत पुराने जल स्रोतों को पुनर्जीवित कर शहर को जल संकट से राहत दिलाने और पर्यटन को बढ़ावा देने की रणनीति तैयार की जा रही है।

    पुरानी कूहलों के पुनरुद्धार की दिशा में बड़ा कदम

    बुधवार को उपायुक्त हेमराज बैरवा और नगर निगम के आयुक्त जफर इकबाल ने गमरू से लेकर धर्मशाला तक पुरानी कूहलों की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि वर्षों से उपेक्षित पड़ी ये कूहलें अब भी उपयोग में लाई जा सकती हैं। प्रशासन ने इनकी मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

    इन मार्गों पर फैली हैं पुरानी कूहलें

    रिकॉर्ड के अनुसार, गमरू से शुरू होकर कोतवाली बाजार, परिधि गृह, शाम नगर, राम नगर और पुलिस थाना से लेकर जेल तक कूहलों का प्राचीन नेटवर्क मौजूद है। प्रशासन की योजना है कि इन सभी कूहलों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि शहर में जल आपूर्ति को बेहतर बनाया जा सके और शहर की प्राकृतिक सुंदरता को भी बढ़ावा दिया जा सके।

    पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी कूहलें

    उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि इन जल धाराओं के संरक्षण से न केवल शहर को जल संकट से राहत मिलेगी, बल्कि ये पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कूहलों के आसपास सौंदर्यीकरण के लिए विशेष योजना तैयार की जाए ताकि स्थानीय लोग और पर्यटक इन स्थानों पर बैठकर धर्मशाला की खूबसूरती का आनंद उठा सकें।

    वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण

    निरीक्षण के दौरान, उपायुक्त और नगर निगम आयुक्त ने गमरू में स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर की जल आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट और कूहलों के पुनरुद्धार को प्राथमिकता दी जाए

    पुरानी कूहलों के निरीक्षण के लिए 6 किमी पैदल चले अधिकारी

    इस परियोजना को प्रभावी बनाने के लिए उपायुक्त हेमराज बैरवा और नगर निगम के आयुक्त जफर इकबाल ने राजस्व विभाग के तहसीलदार और पटवारियों के साथ मिलकर 6 किमी पैदल यात्रा की। इस दौरान उन्होंने गमरू ट्रीटमेंट प्लांट से लेकर मिट्ठा नाला, कोतवाली और परिधि गृह तक कूहलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को जल्द से जल्द जीर्णोद्धार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 20 फरवरी को ऑरेंज अलर्ट

    हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 20 फरवरी को ऑरेंज अलर्ट

    बारिश-बर्फबारी की संभावना, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी

    हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 20 फरवरी से राज्य में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होगा, जो अगले 48 घंटे तक जारी रहेगा। इसको देखते हुए विभाग ने 20 फरवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊपरी हिमाचल में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

    प्रशासन ने जारी की चेतावनी

    मौसम विभाग ने राज्य के सभी उपायुक्तों को सतर्क रहने और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और शिमला जिलों में मौसम के बिगड़ने की संभावना को देखते हुए वहां रहने वाले नागरिकों और पर्यटकों को ऊपरी क्षेत्रों में वाहन न ले जाने की सलाह दी गई है।

    प्रशासन ने ट्रैकिंग और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करने से बचने की अपील की है। बर्फबारी के कारण कई महत्वपूर्ण मार्गों के बंद होने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

    किन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी के आसार?

    मौसम विभाग के मुताबिक, 20 फरवरी की मध्य रात्रि से 21 फरवरी की सुबह तक लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू और मंडी के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है।

    इसके अलावा, सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

    20 फरवरी को खासतौर पर चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

    राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल कुफरी, नारकंडा, मनाली, सोलंग घाटी, डलहौजी, शिमला शहर, सिस्सू और आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी की संभावना है।

    कब तक रहेगा मौसम खराब?

    • 21, 22 और 24 फरवरी को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
    • 25 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

    इमरजेंसी सेवाओं को किया गया सतर्क

    मौसम विभाग के इस अलर्ट के बाद पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के कर्मचारी पूरी तरह से सतर्क हो गए हैं। संभावित बर्फबारी वाले क्षेत्रों में पहले से ही मशीनरी और उपकरण भेज दिए गए हैं, ताकि सड़कें जल्द से जल्द बहाल की जा सकें।

    शिमला, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा जिलों में सभी कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है।

  • ROAD CLOSED / पंजावर-बठरी सड़क 12 दिनों के लिए बंद, यातायात होगा डायवर्ट

    ROAD CLOSED / पंजावर-बठरी सड़क 12 दिनों के लिए बंद, यातायात होगा डायवर्ट

    सड़क उन्नयन कार्य के चलते जिला प्रशासन ने लिया निर्णय

    ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पंजावर-बठरी सड़क के उन्नयन कार्य के कारण 20 फरवरी से 3 मार्च 2025 तक इस मार्ग को पूरी तरह से बंद करने का निर्णय लिया गया है। जिला दंडाधिकारी जतिन लाल (आईएएस) ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 116 के तहत आदेश जारी करते हुए इस निर्णय की पुष्टि की।

    क्यों लिया गया यह निर्णय?

    उपमंडलीय अधिकारी (सिविल), हरोली ने जिला प्रशासन को सूचित किया कि पंजावर-बठरी सड़क (किमी 23/0 से 28/0) पर सीमेंट ट्रीटेड बेस लेयर (CTB) बिछाने का कार्य किया जाना है। यह कार्य अत्यंत आवश्यक है ताकि सड़क को मजबूत और यातायात के लिए सुचारू बनाया जा सके।

    इस कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसलिए जिला प्रशासन ने इस मार्ग को 12 दिनों तक यातायात के लिए बंद करने के आदेश दिए हैं।

    यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग

    सड़क बंद होने के दौरान वाहनों को अन्य मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।
    डायवर्ट किए गए मार्ग निम्नलिखित हैं:

    • सुबोवाना से लोअर हरोली लिंक रोड
    • लोअर भडौरी लिंक रोड

    सड़क बंदी को लेकर प्रशासन की हिदायतें

    1. आम जनता को इस निर्णय की पूरी जानकारी देने के लिए प्रशासन ने प्रिंट और ऑडियो मीडिया के माध्यम से प्रचार करने के निर्देश दिए हैं।
    2. संबंधित सड़क मार्गों पर पहले से ही संकेतक (साइन बोर्ड) लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को वैकल्पिक मार्ग की सही जानकारी मिले।
    3. जनहित में आवश्यकता पड़ने पर जिला दंडाधिकारी इस अनुमति को बिना किसी पूर्व सूचना के रद्द करने का अधिकार रखते हैं।

    प्रशासन की अपील

    जिला प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और कार्य में बाधा न डालें।