Month: February 2025

  • एसआईयू ने 5.8 ग्राम चिट्टे के साथ युवक को किया गिरफ्तार , घर पर छापेमारी कर पकड़ा

    एसआईयू ने 5.8 ग्राम चिट्टे के साथ युवक को किया गिरफ्तार , घर पर छापेमारी कर पकड़ा

    पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई , एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

    नाहन : सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5.8 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर शाम पुलिस ने सदर पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एक घर पर छापा मारकर यह कार्रवाई की। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। देर रात तक पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी रही।

    पुलिस ने घर पर मारा छापा, रंगे हाथ पकड़ा आरोपी

    मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तमवाला क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास नशीला पदार्थ मौजूद है। सूचना मिलते ही एसआईयू टीम ने मौके पर दबिश दी और स्थानीय निवासी हितेश को 5.8 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली और नशे की खेप जब्त कर ली।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

    एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टे की खरीद-फरोख्त में कब से शामिल था और उसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

  • धारा-118 के तहत संपत्ति लेने पर स्टांप ड्यूटी दोगुनी, अधिसूचना जारी

    धारा-118 के तहत संपत्ति लेने पर स्टांप ड्यूटी दोगुनी, अधिसूचना जारी

    स्टांप ड्यूटी से बचने के लिए शातिर कर रहे हैं बिना रजिस्ट्री के पार्टनरशिप एक्सचेंज का बड़ा खेल

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन /शिमला

    हिमाचल प्रदेश में धारा-118 के तहत जमीन लेने वालों को अब पहले से ज्यादा अपनी जेब ढीली करनी होगी। सरकार ने धारा-118 के तहत जमीन लेने पर ली जाने वाली स्टांप ड्यूटी को दोगुणा कर दिया है, यानी कि अब जमीन की लागत का कुल 12 फीसदी देना होगा।

    असल में सरकार के द्वारा ऐसा इसलिए भी किया गया है क्योंकि 25 मार्च 2023से पहले सरकार को मिलने वाले स्टैंप रिवेन्यू को बचाते हुए पार्टनरशिप चेंज का फार्मूला इस्तेमाल कर रहे थे।

    जबकि नॉन एग्रीकल्चरिस्ट गैर हिमाचली को भी 118 एचपी टेनेंसी एंड लैंड रिफॉर्म एक्ट 1972 के तहत परमिशन लेना जरूरी होता है। मगर यह सब काम बिना परमिशन के ही पार्टनर शिप एक्सचेंज पर खेला जा रहा था।

    इस तरह के मामले काला अंब औद्योगिक क्षेत्र में भी काफी हैं। जिसमें लॉर्ड कृष्णा इंडस्ट्रियल कंपनी, तथा एस सत्यम ऑटोइंडस्ट्रज जैसे मामले भी प्रमुख हैं। जिन में स्पष्ट रूप से भी आदेश दिए गए हैं कि 118 की परमिशन लेना जरूरी है।

    एम एस सत्यम ऑटो इंडस्ट्री को डिपार्टमेंट ऑफ़ इंडस्ट्री केद्रा 4 -8- 22 के लेटर में स्पष्ट रूप से कहा भी गया है। इस कंपनी के मौजूदा हिस्सेदार का कहना है कि यह अधिसूचना 25 मार्च 2023को जारी हुई थी जबकि उनकी पर्टनर शिप 6 जून 2022 को चेंज हुई थी।

    मगर अधिसूचना में स्पष्ट रूप से कहा गया है पार्टनरशिप एक्ट 1932 तभी मान्य होगा जब 118 की परमिशन ऑन रिकॉर्ड होगी।हैरानी तो इस बात की है कि इस मामले मे 118 की परमिशन नहीं ली गई है। जिसका डिटेल खुलास अगली खबर में किया जाएगा।

    वही बता दे कि पहले यह स्टांप ड्यूटी 6 फीसदी थी।इसके अलावा, 2 फीसदी रजिस्ट्रेशन फीस भी अलग से देनी होती है। यह निर्णय राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया था, जिसके बाद कानून विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

    अब राज्य में जो भी मंजूरी धारा-118 के तहत दी जाएगी, उसमें खरीदार को जमीन के बाजार मूल्य पर 12 फीसदी स्टांप ड्यूटी देनी होगी।यह निर्णय राज्य सरकार द्वारा जमीन की कीमतों को नियंत्रित करने और जमीन की खरीद-फरोख्त में पारदर्शिता लाने के लिए लिया गया है।

    इससे जमीन की कीमतों में वृद्धि पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी और जमीन की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों को अधिक सुरक्षा मिलेगी।

    गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में जमीन की खरीद-फरोख्त के लिए धारा-118 के तहत मंजूरी लेना आवश्यक है। यह धारा जमीन की खरीद-फरोख्त को नियंत्रित करने और जमीन की कीमतों को स्थिर रखने के लिए बनाई गई है।

    अब इस धारा के तहत जमीन लेने वालों को अधिक स्टांप ड्यूटी देनी होगी, जिससे जमीन की कीमतों में वृद्धि पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।

  • सोशल मीडिया पर वायरल पटवारी विवाद की होगी जांच, डीसी ने दिए आदेश

    सोशल मीडिया पर वायरल पटवारी विवाद की होगी जांच, डीसी ने दिए आदेश

    पटवारी के कथित अभद्र व्यवहार की शिकायत पर सख्त रुख

    कुल्लू : सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पटवारी विवाद के मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। उपायुक्त तोरुल रवीश ने इस प्रकरण की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। यह मामला पटवार वृत्त रोट-2, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू से जुड़ा है, जहां भूमि निशानदेही के दौरान पटवारी और कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया।

    शिकायत के बाद हुआ मामला उजागर

    इस मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने उपायुक्त कुल्लू से पटवारी के अभद्र व्यवहार की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि पटवारी ने अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया और स्थानीय लोगों के साथ अनुचित व्यवहार किया। मामला उपायुक्त के संज्ञान में आते ही प्रशासन ने जांच के निर्देश जारी कर दिए।

    तीन दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

    मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने उप-मंडलाधिकारी (ना.) कुल्लू को इस विवाद की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है। इसके लिए एक जांच अधिकारी को नियुक्त किया गया है, जो पूरी घटना की पड़ताल करेगा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत की जानी चाहिए, ताकि आवश्यक कार्रवाई जल्द की जा सके।

    प्रशासन का कड़ा रुख, पारदर्शिता पर जोर

    प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि सरकारी अधिकारियों को जनता के साथ मर्यादित व्यवहार करना अनिवार्य है। इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि पटवारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

  • वेटलैंड संरक्षण के लिए कारगर कदम उठाए जाएं : डीसी

    वेटलैंड संरक्षण के लिए कारगर कदम उठाए जाएं : डीसी

    वेटलैंड पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं

    धर्मशाला – उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि वेटलैंड के संरक्षण और उनके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में वेटलैंड संरक्षण पर आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि वेटलैंड्स समाज को पर्यावरण संतुलन प्रदान करते हैं। यह जल से हानिकारक अपशिष्टों को शुद्ध करने की क्षमता रखते हैं और जल चक्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    जल चक्र और पर्यावरण में वेटलैंड्स की भूमिका

    उपायुक्त ने बताया कि जल संग्रहण, भूजल स्तर बनाए रखने और जल शुद्धि में वेटलैंड्स की भूमिका अहम है। यह बाढ़ के पानी को अपने भीतर समेटकर इंसानी आबादी को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने में सहायक होते हैं। मौसम परिवर्तन की घटनाओं, जैसे बाढ़ और सूखे से निपटने में भी कई वेटलैंड्स महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    रोजगार और कार्बन संग्रहण में योगदान

    वेटलैंड्स न केवल जल स्रोतों को संरक्षित रखते हैं बल्कि यह कई लोगों के रोजगार का भी मुख्य साधन हैं। मछली पालन, मखाना उत्पादन और अन्य जलीय पौधों की खेती करने वाले लोग पूरी तरह वेटलैंड्स पर निर्भर होते हैं। इसके अलावा, यह धरती पर कार्बन संग्रह करने वाले शीर्ष स्रोतों में से एक हैं, जिससे जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है।

    कांगड़ा में वेटलैंड संरक्षण की पहल

    उपायुक्त ने जानकारी दी कि कांगड़ा जिले में पौंग बांध, करेरी और बड़ा भंगाल वेटलैंड के रूप में चयनित किए गए हैं। इन क्षेत्रों को विकसित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेटलैंड क्षेत्रों की सीमांकन प्रक्रिया, डिवेलपमेंट प्लान और जल ग्रहण उपचार योजना को जल्द से जल्द तैयार किया जाए, जिससे इनके संरक्षण के लिए सार्थक कदम उठाए जा सकें।

    इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की योजना

    उपायुक्त ने कहा कि वेटलैंड संरक्षण के साथ-साथ इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। इसके लिए आम जनता की भागीदारी आवश्यक है। लोगों को वेटलैंड्स के महत्व और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

    बैठक में अधिकारियों की भागीदारी

    इस अवसर पर एसडीएम, वन विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने वेटलैंड संरक्षण को लेकर आवश्यक रणनीति पर चर्चा की और इसके संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

  • शिमला में चिट्टा तस्करी पर बड़ा प्रहार , छह गिरफ्तार

    शिमला में चिट्टा तस्करी पर बड़ा प्रहार , छह गिरफ्तार

    अंतरराज्यीय नेटवर्क के तार, अधिकारी और महिला भी शामिल

    शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग मामलों में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें शिमला में नशे का नेटवर्क चलाने वाला सरगना गुरमीत, अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य आरोपी संदीप शाह के साथ बैंक खातों में लेनदेन करने के आरोप में तहसील कल्याण अधिकारी मुकुल चौहान और महिला आरोपी अंकिता नेगी को गिरफ्तार किया गया है।

    डेढ़ लाख रुपये कैश और नशे के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

    मल्याणा में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुलदीप ठाकुर को डेढ़ लाख रुपये नकद और चिट्टे के साथ पकड़ा है। इसी बीच, रोहड़ू पुलिस ने चिट्टा तस्कर शाही महात्मा के मुख्य साथी नीरज जिल्टा को भी गिरफ्तार किया है।

    विकासनगर से पकड़ा गया आरोपी, अदालत ने भेजा रिमांड पर

    एक अन्य मामले में पुलिस ने विकासनगर से दानिश को 1.83 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। तहसील कल्याण अधिकारी और महिला आरोपी को सीजेएम की अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को 20 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच के दौरान पुलिस को बैंक खातों में लेनदेन और अन्य सबूत मिले हैं, जो गिरोह के विस्तार का संकेत देते हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दोनों आरोपी खुद नशे के आदी हैं या केवल तस्करी में शामिल थे।

    शिमला पुलिस अब तक 33 लोगों को कर चुकी है गिरफ्तार

    शिमला पुलिस अब तक संदीप शाह समेत उसके 33 साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है। कुछ समय पहले पुलिस ने शाह को कोलकाता से पकड़ा था। पुलिस का दावा है कि गिरोह में करीब 400 लोग शामिल हैं। शक के घेरे में आए कुछ अन्य लोगों को थाना सदर में बुलाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद गिरफ्तारियां हुईं।

    आरोपी अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी

    सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की निदेशक किरण भडाना ने बताया कि आरोपी तहसील कल्याण अधिकारी मुकुल चौहान के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश में लगी है।

  • पांवटा साहिब में पुलिस ने 1.614 किलोग्राम चरस बरामद की, आरोपी गिरफ्तार

    पांवटा साहिब में पुलिस ने 1.614 किलोग्राम चरस बरामद की, आरोपी गिरफ्तार

    गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

    पांवटा साहिब: हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना पांवटा की टीम ने 17 फरवरी 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 1.614 किलोग्राम चरस बरामद की। यह मादक पदार्थ आरोपी प्रदीप कुमार (34) पुत्र श्याम लाल, निवासी गांव सुदाना, डा. भरानु, तहसील नेरवा, जिला शिमला के रिहायशी कमरे से जब्त किया गया।

    गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

    पुलिस को सूचना मिली थी कि तारुवाला स्थित फोरेस्ट कॉरपोरेशन सेल डिपो के पास संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी के ठिकाने से चरस बरामद की। बरामद किए गए मादक पदार्थ की कुल मात्रा 1.614 किलोग्राम बताई जा रही है।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया था और इसका वितरण कहां किया जाना था।

    आगे की जांच जारी

    अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आरोपी के तार किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।

  • नाहन में युवक ने फंदा लगाकर दी जान , पुलिस जांच में जुटी

    नाहन में युवक ने फंदा लगाकर दी जान , पुलिस जांच में जुटी

    मामले की जांच जारी, पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगा कारण

    नाहन: हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 31 वर्षीय युवक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार देर शाम हुई इस घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। मृतक की पहचान सागर कुमार (31) पुत्र राधे श्याम, निवासी शिवपुरी रोड, अमरपुर मोहल्ला, नाहन के रूप में हुई है।

    घटना का विवरण

    मंगलवार की देर शाम करीब पौने 8 बजे सागर कुमार ने अपने घर में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गुन्नूघाट पुलिस चौकी के प्रभारी सुरेश मेहता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम रात करीब 9:30 बजे तक घटनास्थल पर मौजूद रही और मामले की जांच में जुटी रही।

    सुसाइड नोट नहीं मिला, आत्महत्या का कारण अज्ञात

    पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की संभावित वजहों का पता लगाया जा सके।

    पोस्टमार्टम के बाद होगा खुलासा

    एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

  • अवैध खनन पर कड़ी नजर, निरीक्षण अधिकारियों को बाडी वीयरेबल और डैश कैमरों से किया जाएगा लैस

    अवैध खनन पर कड़ी नजर, निरीक्षण अधिकारियों को बाडी वीयरेबल और डैश कैमरों से किया जाएगा लैस

    जीरो टॉलरेंस नीति के तहत होगी सख्त कार्रवाई, खनन रोकथाम के लिए उठाए गए बड़े कदम

    मंडी – जिला प्रशासन ने अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का फैसला लिया है और इसके तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए सभी उपमंडल अधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, वन विभाग, पुलिस और खनन निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अवैध खनन गतिविधियों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए।

    वर्चुअल बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश

    यह निर्देश खनिज विभाग द्वारा आयोजित एक वर्चुअल बैठक में दिए गए, जो उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

    अवैध खनन पर नजर रखने के लिए बाडी वीयरेबल और डैश कैमरे

    अवैध खनन की सटीक निगरानी और साक्ष्य संकलन के लिए जिला प्रशासन ने सभी खनन अधिकारियों, निरीक्षकों और खनन रक्षकों को वाहन सहित बाडी वीयरेबल कैमरा तथा डैश कैमरे से लैस करने का निर्णय लिया है यह डीएमएफटी (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट) फंड से किया जाएगा।

    इस पहल का उद्देश्य किसी भी अवैध गतिविधि को रिकॉर्ड करना और भविष्य में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के लिए ठोस सबूत तैयार करना है।

    खनन रोकथाम में एसडीएम को दिए गए सख्त निर्देश

    उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में खनन रोकथाम के प्रयासों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके तहत –

    • अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
    • हर संदिग्ध गतिविधि की सख्ती से जांच की जाएगी
    • खनन क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाएगी
    • संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जाएगी

    बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी

    इस बैठक में विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें –

    • अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार
    • अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र
    • वन मंडलाधिकारी वसु डोगर
    • सहायक वन संरक्षक
    • जिला खनन अधिकारी
    • मंडी और सुंदरनगर के खनन निरीक्षक
    • सभी उपमंडलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार

    शामिल रहे। बैठक के दौरान खनन विभाग और वन विभाग के समन्वय से अवैध खनन को रोकने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

    खनन नियंत्रण के लिए उठाए गए यह कदम सुनिश्चित करेंगे कि जिले में अवैध खनन पूरी तरह से रोका जा सके और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जाए।


  • शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं और वॉयस ऑफ शिवरात्रि के ऑडिशन 19 फरवरी से शुरू

    शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं और वॉयस ऑफ शिवरात्रि के ऑडिशन 19 फरवरी से शुरू

    23 फरवरी तक चलेंगे ऑडिशन , 4 मार्च को होगा वॉयस ऑफ शिवरात्रि का फाइनल मुकाबला

    मंडीअंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2025 के सांस्कृतिक संध्याओं और वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन 19 फरवरी से शुरू हो जाएंगे। यह ऑडिशन 23 फरवरी तक मंडी के पड्डल मैदान स्थित टेबल टेनिस हॉल में आयोजित किए जाएंगे।

    अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2025 सांस्कृतिक कार्यक्रम उप-समिति के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 और 20 फरवरी के लिए कलाकारों की सूची जारी कर दी गई हैडीसी मंडी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर इन नामों को अपलोड किया गया है और सभी कलाकारों को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना भेज दी गई है

    ऑडिशन प्रक्रिया और चयन प्रक्रिया

    • 19 फरवरी को 60 कलाकारों और 20 फरवरी को 50 कलाकारों को ऑडिशन के लिए बुलाया गया है।
    • ऑडिशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 18 फरवरी शाम 5 बजे तक निर्धारित थी, जिसके बाद किसी भी नए आवेदन को स्वीकार नहीं किया गया।
    • जो कलाकार पहले ही आवेदन कर चुके हैं, केवल उन्हीं को ऑडिशन में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।

    वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता का प्रारंभिक और फाइनल चरण

    वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के प्रथम चरण के ऑडिशन शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के ऑडिशन के साथ ही आयोजित किए जाएंगे

    • पहले चरण में चयनित होने वाले प्रतिभागियों को ही अगले दौर में प्रवेश मिलेगा
    • प्रतियोगिता में कोई भी प्रतिभागी सीधे फाइनल राउंड में प्रवेश नहीं कर सकेगा

    वॉयस ऑफ शिवरात्रि का फाइनल 4 मार्च को सेरी मंच पर

    वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 4 मार्च, 2025 को महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में सेरी मंच पर शाम 4:30 बजे आयोजित किया जाएगा

    • प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे
    • फाइनल राउंड के अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे

    यह प्रतियोगिता स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उनकी कला को निखारने का एक बेहतरीन अवसर साबित होगी।


  • आज का राशिफल : 19 फरवरी 2025 – जानें आपके दिन की शुभ दिशा और महत्वपूर्ण संकेत

    आज का राशिफल : 19 फरवरी 2025 – जानें आपके दिन की शुभ दिशा और महत्वपूर्ण संकेत

    आज का राशिफल : 19 फरवरी 2025 – खुशियों और नई संभावनाओं से भरा दिन

    मेष राशि (Aries) – साझेदारी से मिलेगा लाभ
    आज का दिन प्रसन्नतापूर्वक बीतेगा। जो लोग साझेदारी में व्यापार कर रहे हैं, उन्हें आर्थिक लाभ मिलने से खुशी होगी। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और समाज में आपकी अच्छी छवि बनेगी। दांपत्य जीवन की परेशानियां दूर होंगी, जिससे रिश्ते बेहतर बनेंगे। परिवार के सदस्यों के बीच तालमेल बना रहेगा और अपेक्षित सहयोग प्राप्त होगा। परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को एकाग्रचित्त होकर मेहनत करनी होगी, क्योंकि मानसिक भटकाव हो सकता है।

    वृषभ राशि (Taurus) – प्रेम जीवन में नई ऊर्जा
    आज का दिन आपके लिए खास रहने वाला है। लव लाइफ में जीवनसाथी आपकी इच्छाओं का सम्मान करेगा और कोई पुरानी चाहत पूरी होगी। परिवार के साथ रोमांचक पल बिताने का मौका मिलेगा। नवविवाहित दंपतियों को खुशखबरी मिल सकती है। खर्च अधिक होगा, जिससे तनाव हो सकता है। नौकरी में सीनियर्स का सहयोग मिलेगा, जिससे कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी।

    मिथुन राशि (Gemini) – आर्थिक मामलों में सतर्कता बरतें
    दिन मिलाजुला रहेगा। धन संचय और निवेश पर विचार करेंगे। किसी को उधार देने से बचें, क्योंकि पैसा वापस मिलने की संभावना कम है। व्यापारियों को त्वरित निर्णय लेने होंगे, तभी मुनाफा संभव है। पारिवारिक जीवन में जीवनसाथी के साथ मधुर संबंध रहेंगे। प्रेमी के लिए कोई उपहार खरीद सकते हैं। बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंता हो सकती है।

    कर्क राशि (Cancer) – पारिवारिक सुख मिलेगा
    घर-परिवार में प्रेम और सहयोग बना रहेगा। किसी महत्वपूर्ण कार्य के पूरे होने से मानसिक बोझ हल्का होगा। कारोबार में परेशानियां दूर होंगी। लव लाइफ में खुशखबरी मिल सकती है। माता-पिता और भाई-बहनों के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। यदि किसी से मनमुटाव था, तो आज सुलझाने में सफल रहेंगे। परिवार वाले कोई सरप्राइज पार्टी दे सकते हैं।

    सिंह राशि (Leo) – आर्थिक मामलों में सतर्क रहें
    अगर लोन लेने की सोच रहे हैं, तो इसे टाल दें। अचानक खर्च बढ़ सकता है। पारिवारिक जीवन में जीवनसाथी की सेहत को लेकर चिंता होगी। प्रेम संबंधों में किसी बात पर बहस हो सकती है, संयम बनाए रखें। संतान को लेकर चिंता हो सकती है। मांगलिक समारोह में भाग लेंगे। निवेश से बचें।

    कन्या राशि (Virgo) – मान-सम्मान में वृद्धि होगी
    राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन लाभकारी रहेगा। व्यापार में चतुराई और बातचीत के प्रभाव से लाभ मिलेगा। मान-सम्मान बढ़ेगा। जीवनसाथी के सहयोग से कार्य पूरे होंगे। संतान से खुशखबरी मिलेगी। रचनात्मक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। साझेदारों और सहयोगियों से अपेक्षित समर्थन प्राप्त होगा।

    तुला राशि (Libra) – उलझनों से भरा रहेगा दिन
    कारोबार में आ रही समस्याओं को हल करने में सफल होंगे। व्यस्त दिन होने के कारण परिवार के लिए समय निकालना कठिन होगा। किसी पारिवारिक कार्य को टालना पड़ सकता है। माता नाराज हो सकती हैं। पुराने कर्ज चुकाने में सफलता मिलेगी। मौसमी बीमारियों से सतर्क रहें।

    वृश्चिक राशि (Scorpio) – संतुलित खर्च जरूरी
    आवश्यक जरूरतों के लिए धन खर्च होगा, जिससे सुख-सुविधाएं बढ़ेंगी। गैर-जरूरी खर्चों से बचें। विवाह योग्य जातकों को अच्छे प्रस्ताव मिल सकते हैं। पुराने मित्रों से मुलाकात होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। नौकरी में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। खानपान में संयम रखें।

    धनु राशि (Sagittarius) – आय के नए स्रोत बनेंगे
    व्यवसाय में नए आय स्रोत बनेंगे, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। धन निवेश के लिए दिन अनुकूल है। भाई-बहनों से उपहार मिल सकता है। विदेश व्यापार में अड़चनें आ सकती हैं। संतान की प्रगति देखकर प्रसन्नता होगी। प्रेमी के साथ डेट पर जाने की योजना बनेगी।

    मकर राशि (Capricorn) – परिवार संग आनंददायक समय
    आज का दिन सुखद रहेगा। घर में शांति का माहौल रहेगा। पुरानी समस्याएं खत्म होंगी, जिससे राहत मिलेगी। बच्चों के साथ मनोरंजक समय बिताएंगे। मेहमानों का आगमन हो सकता है। किसी परिवार सदस्य की तबीयत बिगड़ने से चिंता होगी और खर्च भी बढ़ सकता है। ससुराल पक्ष से मतभेद खत्म होंगे।

    कुंभ राशि (Aquarius) – नया व्यापार शुरू करने का सही समय
    नए कारोबार की शुरुआत के लिए दिन अनुकूल रहेगा। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेकर आगे बढ़ें। नए शत्रु बन सकते हैं, लेकिन मित्रों और संबंधियों का सहयोग मिलेगा। सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे। दीर्घकालीन निवेश में लाभ होगा। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी।

    मीन राशि (Pisces) – अचानक धन लाभ के संकेत
    व्यवसाय में धन लाभ के संकेत हैं। खान-पान पर ध्यान दें, अन्यथा स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। विद्यार्थियों को मेहनत से पढ़ाई करनी होगी। दान-पुण्य में रुचि रहेगी। परिवार के किसी सदस्य के विवाह प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल रहेगा।