Month: February 2025

  • कालाअंब के उद्योग में दर्दनाक हादसा , मजदूर की चार उंगलियां कटीं

    कालाअंब के उद्योग में दर्दनाक हादसा , मजदूर की चार उंगलियां कटीं

    रूटर कटिंग मशीन में फंसा हाथ , गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर

    कालाअंब : हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक निजी उद्योग में दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां रूटर कटिंग मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की चार उंगलियां कट गईं। घायल मजदूर को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

    कैसे हुआ हादसा ?

    घायल मजदूर मोहम्मद रेहान पुत्र मोहम्मद फिरोज, निवासी गांव जय नगर ईद टोला, तहसील जय नगर, जिला मधुबनी, बिहार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने इसी महीने कालाअंब के एक निजी उद्योग में हेल्पर के रूप में काम शुरू किया था।

    मंगलवार रात करीब 8:30 बजे काम के दौरान रूटर कटिंग मशीन में लोहे का टुकड़ा फंस गया। जब वह इसे निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका हाथ मशीन में आ गया और उसकी चार उंगलियां कट गईं।

    इलाज के लिए किया गया चंडीगढ़ रेफर

    हादसे के बाद उद्योग के क्वालिटी मैनेजर दीपांशु और ठेकेदार गुरमीत सिंह उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां से उसे यमुनानगर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डॉक्टरों को उसकी चारों उंगलियां काटनी पड़ीं

    पुलिस जांच जारी

    घायल मजदूर मोहम्मद रेहान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कालाअंब थाना प्रभारी कुलवंत कंवर ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उद्योग में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या नहीं।

  • मिनिस्ट्रीरियल स्टाफ के कोटे में कोई छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं – कर्मचारी संघ का कड़ा रुख

    मिनिस्ट्रीरियल स्टाफ के कोटे में कोई छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं – कर्मचारी संघ का कड़ा रुख

    पटवारी-कानूनगो संघ की मांग का विरोध , सरकार को दी चेतावनी

    नाहन : हिमाचल प्रदेश के उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ ने पटवारी-कानूनगो संघ की उस मांग का विरोध किया है, जिसमें उन्होंने कानूनगो से नायब-तहसीलदार पद पर पदोन्नति के लिए मिनिस्ट्रीरियल स्टाफ के 20 प्रतिशत कोटे को समाप्त करने और अपने कोटे को 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 80 प्रतिशत करने की मांग की है।

    संघ का कहना है कि यह मांग तर्कहीन और आधारहीन है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि मिनिस्ट्रीरियल स्टाफ के लिए निर्धारित कोटे में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए। कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार इस कोटे में बदलाव करती है, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।

    संघ ने सरकार के सामने रखा अपना पक्ष

    उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ, जिला सिरमौर इकाई के अध्यक्ष सुदेश तोमर, महासचिव विजय ठाकुर, नाहन यूनिट के प्रधान सुमित कुमार, महासचिव विनय नेगी और वरिष्ठ उपप्रधान कृति अग्रवाल ने संयुक्त बयान जारी कर इस मांग को अस्वीकार्य बताया है।

    संघ ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने 20 अगस्त 2024 को अधिसूचना जारी कर पटवारी-कानूनगो संघ की विभिन्न मांगों की समीक्षा करने के लिए बलवान चंद, अतिरिक्त सचिव (राजस्व) की अध्यक्षता में एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया था।

    कर्मचारी संघ का पक्ष नहीं सुना गया

    संघ ने आरोप लगाया कि बलवान कमेटी ने मिनिस्ट्रीरियल स्टाफ के कोटे पर अपनी संस्तुति वाली रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी महासंघ से चर्चा किए बिना ही सरकार को भेज दी। कर्मचारी महासंघ ने 23 अगस्त 2024 को मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) और निदेशक भू-अभिलेख से अनुरोध किया था कि उन्हें भी इस कमेटी के साथ बैठक का अवसर दिया जाए, ताकि वे भी अपना पक्ष रख सकें।

    संघ का कहना है कि सरकार द्वारा उन्हें बैठक के लिए नहीं बुलाया गया, जिससे यह पूरी प्रक्रिया एकतरफा लगती है। उनका मानना है कि बिना उचित चर्चा और सभी पक्षों की सहमति के, किसी भी कोटे में बदलाव करना न्यायसंगत नहीं होगा।

    टू-टायर प्रमोशन प्रणाली पर भी दी सफाई

    संघ ने कहा कि टू-टायर प्रमोशन प्रणाली केवल राजस्व विभाग में ही लागू नहीं है, बल्कि सरकार के अधीनस्थ अन्य विभागों में भी यह व्यवस्था लागू है। अन्य सभी विभागों में अधीक्षक वर्ग-।। के पदों पर 100 प्रतिशत पद वरिष्ठ सहायक पोषक वर्ग से ही भरे जाते हैं। इसलिए पटवारी-कानूनगो संघ का यह दावा कि यह व्यवस्था केवल राजस्व विभाग में है, पूरी तरह से गलत और निराधार है।

    मुख्यमंत्री से मिला आश्वासन

    संघ ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधि अब तक चार से पांच बार मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें पूर्ण आश्वासन दिया है कि उनके लिए निर्धारित कोटे में किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह उनका अधिकार है।

  • सोशल मीडिया से शुरू हुई प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत – पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या

    सोशल मीडिया से शुरू हुई प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत – पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या

    दिल्ली से गिरफ्तार हुआ आरोपी, पुलिस जांच में अवैध संबंधों के शक का खुलासा

    ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के बंगाणा उपमंडल के रायपुर मैदान के कोलका गांव में एक महिला की रहस्यमयी परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में मृतक महिला के पति को संलिप्त पाया और चार दिन बाद दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

    सोशल मीडिया से दोस्ती, फिर शादी और अलगाव

    करीब आठ साल पहले हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू की रहने वाली दिनेश्वरी की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए दिनेश उर्फ काकू से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरे हुए और उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद उनका एक बेटा भी हुआ, लेकिन कुछ समय बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई।

    अवैध संबंधों के शक ने बढ़ाई दूरियां

    पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जबकि खुद वह किसी अन्य महिला के साथ रह रहा था। इसी संदेह ने उनके रिश्ते को और बिगाड़ दिया और धीरे-धीरे दोनों में संपर्क कम होता गया।

    हत्या के दिन घर लौटा था पति, फोन लोकेशन से पकड़ा गया

    घटना के दिन दिनेश, जो बीते सात-आठ वर्षों से घर नहीं आया था, अचानक गांव पहुंचा। पुलिस ने जब मृतक महिला के फोन की लोकेशन ट्रैक की, तो वह अंब रेलवे स्टेशन पर पाई गई। इसी आधार पर पुलिस ने उसके पति को ट्रैक किया और उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से मृतक महिला का फोन और कुछ गहने भी बरामद हुए, जो मायके पक्ष ने बेटी को दिए थे।

    पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी को दबोचा

    जिला ऊना मुख्यालय के डीएसपी अजय ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति को महज 48 घंटों के भीतर दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। उसे ऊना लाकर पूछताछ की जा रही है, और जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या हत्या पूर्व नियोजित थी या फिर अचानक हुई।

  • दर्दनाक हादसा / संगड़ाह में सड़क से गिरने से युवक की मौत

    दर्दनाक हादसा / संगड़ाह में सड़क से गिरने से युवक की मौत

    30 वर्षीय विवेक की खाई में गिरकर मौके पर ही गई जान

    संगड़ाह : उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह में एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां 30 वर्षीय युवक की सड़क से गिरकर मौत हो गई । यह हादसा मंगलवार शाम को बीयर बार के समीप हुआ, जब विवेक नामक युवक सड़क से फिसलकर खाई अथवा ढांक में गिर गया।

    घर जाते समय हुआ हादसा

    स्थानीय लोगों के अनुसार, विवेक अपने भाई की दुकान से घर लौट रहा था। संगड़ाह-पालर-राजगढ़ सड़क मार्ग पर अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह गहरी खाई में गिर गया और नीचे टिकरी संपर्क मार्ग पर जा गिरा। गिरने के दौरान उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    अस्पताल में मृत घोषित किया गया

    परिजनों द्वारा घायल अवस्था में विवेक को तुरंत संगड़ाह अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    पोस्टमार्टम के बाद राहत राशि जारी होगी

    एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने जानकारी देते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को राहत राशि जारी की जाएगी।

  • देश में ‘सोयाबीन अभियान’ चलाने की आवश्यकता: प्रो. नवीन कुमार

    देश में ‘सोयाबीन अभियान’ चलाने की आवश्यकता: प्रो. नवीन कुमार

    सोयाबीन पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश भर के विशेषज्ञ करेंगे मंथन

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ पालमपुर

    चौधरी सवरण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर में बुधवारको सोयाबीन पर एआईसीआरपी की 55वीं वार्षिक समूह बैठक भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद(आईसीएआर)-राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान (एनएसआरआई), इंदौर, मध्य प्रदेश के संयुक्ततत्वावधान में आरंभ हुई।

    उद्घाटन सत्र के मुख्यातिथि कुलपति प्रो नवीन कुमार ने कहा भारतीय कृषि अनुसंधानपरिषद की मदद लेते हुए ‘सोयाबीन कंपेन’ आरंभ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वार्षिक समूहबैठक में चलाए जा रहे अनुसंधान के परिणामों पर चर्चा करते हुए किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रौद्योगिकियों और वाणिज्यिक उत्पादों के विकास के लिए भविष्य की रणनीति तैयार की जानी चाहिए।

    उन्होंने कहा कि देश में सोयाबीन की खेती को बढ़ावा देने के लिए रणनीति तैयार करनी होगी जो देश के साथ हिमाचल प्रदेश के सभी किसानों के लिए समान रूप से फायदेमंद साबित हो।

    उन्होंनेविशेषज्ञों से कहा कि वह देश में उन क्षेत्रों की खोज करें जहां पर सोयाबीन की उत्पादकता अधिक होऔर वहां पर किसानों को इसे लगाने के लिए प्रेरित करें।

    सोयाबीन जहां मानव के लिए प्रोटीन कोउत्कृष्ट स्त्रोत है वहीं पशुओं के लिए भी एक प्रमुख चारा फसल के तौर पर इसका उपयोग किया जासकता है।

    वही उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहायक उप महानिदेशक डा.संजीव गुप्ता ने की गई। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण कार्यक्रम में सोयाबीन को प्राथमिकता देतेहुए भारत देश को एक ‘प्रोटीन हब’ के रूप में विकसित किए जाने की अवश्यकता है।

    विशिष्ट अतिथिडा. कंवर हरिंदर सिंह ने विगत 54वीं बैठक में लिए गए निर्णयों की अमल की जानकारी को प्रस्तुतकरते हुए बताया कि सोयाबीन उत्पादन के पांच मुख्य देशों में से भारत एक है।

    यह तेजी से किसानोंमें व्यवसायिक फसल के तौर पर अपनाई जा रही है। देश के 15 राज्यों में किसान इसे उगा रहे हैं।अयोजन सचिव डा. वेदना कुमारी ने बताया कि तीन दिवसीय बैठक में देश भर के विभिन्नराज्य कृषि विश्वविद्यालयों, भा.कृ.अनु.परि. संस्थानों, निजी क्षेत्र और नीति निर्माताओं का प्रतिनिधित्वकरने वाले लगभग 100 प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं प्रगतिशील किसान भाग ले रहे हैं।

    मुख्य अतिथि औरअन्य अतिथियों द्वारा कार्यक्रम में विभिन्न पुस्तकों, स्मारिकाओं और पुस्तिकाओं का विमोचन भीकिया ।संगोष्ठी में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डा. जीत सिंह ठाकुर तथा विश्वविद्यालय केप्रसार शिक्षा निदेशक डा. विनोद शर्मा समेत संविधिक अधिकारी , वैज्ञानिक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

  • वाल्मीकि बस्ती नाहन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता शिविर आयोजित

    वाल्मीकि बस्ती नाहन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता शिविर आयोजित

    महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर दी गई जानकारी

    नाहन, 19 फरवरी : बाल विकास परियोजना अधिकारी नाहन, इशाक मोहम्मद ने जानकारी देते हुए बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत नाहन के वाल्मीकि बस्ती में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया और विभिन्न योजनाओं और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

    गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान अधिनियम पर जानकारी

    शिविर में स्वास्थ्य विभाग से आए समुदाय स्वास्थ्य अधिकारी ने प्रतिभागियों को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान (PCPNDT ACT) के बारे में जागरूक किया। इस अधिनियम का उद्देश्य भ्रूण हत्या को रोकना और लिंगानुपात को संतुलित करना है।

    पोषण अभियान और बच्चों के विकास पर चर्चा

    शिविर में पोषण अभियान के अंतर्गत पहले एक हजार दिनों की महत्ता पर चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि जीवन के शुरुआती 1000 दिन बच्चे के संपूर्ण विकास के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण होते हैं। इसके अलावा, महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया की समस्या और इसके रोकथाम के उपायों पर भी जानकारी दी गई।

    महिला हितैषी योजनाओं की जानकारी

    शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिनमें मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, और विधवा पुनर्विवाह योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों के जीवन स्तर को सुधारना और उन्हें आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।

    वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति

    इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोना चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को जागरूकता बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

  • इवान सिक्योरिटी फंक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रोजगार मेले का आयोजन

    इवान सिक्योरिटी फंक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रोजगार मेले का आयोजन

    सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर और आई.टी.आई ट्रेनी पदों के लिए होंगे कैंपस इंटरव्यू

    बिलासपुर, 19 फरवरी: इवान सिक्योरिटी फंक्शन प्राइवेट लिमिटेड, बिलासपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर और आई.टी.आई ट्रेनी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी राजेश मैहता ने दी।

    इस रोजगार मेले का आयोजन 25 फरवरी को उप-रोजगार कार्यालय, घुमारवीं और 27 फरवरी को जिला रोजगार कार्यालय, बिलासपुर में किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथियों पर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।

    60 सिक्योरिटी गार्ड, 20 सुपरवाइजर और 25 आई.टी.आई ट्रेनी पदों की भर्ती

    जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इस रोजगार मेले में सिक्योरिटी गार्ड के 60 पद, सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 20 पद और आई.टी.आई ट्रेनी के 25 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं तथा किसी भी ट्रेड में आई.टी.आई अथवा स्नातक होनी अनिवार्य है।

    वेतनमान और अन्य सुविधाएं

    चयनित उम्मीदवारों को मासिक वेतन 11,500 रुपये से 25,000 रुपये तक प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, उन्हें कंपनी की ओर से अन्य लाभ भी दिए जा सकते हैं।

    सिक्योरिटी गार्ड पद के लिए शारीरिक मानक

    इस पद के लिए चयनित होने वाले उम्मीदवारों को कुछ आवश्यक शारीरिक मानकों को पूरा करना अनिवार्य होगा।

    • पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 7 इंच और वजन 60 किलोग्राम होना चाहिए।
    • महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 4 इंच और वजन 48 किलोग्राम निर्धारित किया गया है।

    आयु सीमा और आवश्यक दस्तावेज

    • उम्मीदवार की आयु 20 से 36 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
    • इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथियों पर संबंधित रोजगार कार्यालय में पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
    • आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज के पोर्टल www-eemis-hp-nic-in पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

    अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें

    इच्छुक उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, बिलासपुर से संपर्क कर सकते हैं।

  • नाहन महाविद्यालय में हुआ जिला स्तरीय साहित्यिक संगम का आयोजन

    नाहन महाविद्यालय में हुआ जिला स्तरीय साहित्यिक संगम का आयोजन

    कविता पाठ प्रतियोगिता में नाहन के प्रिंस ने प्रथम और अनुष्का ने हासिल किया दूसरा स्थान

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    डॉ वाई एस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन की साहित्यिक सोसाइटी और भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला सिरमौर के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 19 फरवरी 2025 को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रेम राज भारद्वाज की अध्यक्षता में “जिला स्तरीय अंतरमहाविद्यालयी साहित्यिक संगम 2025” आयोजित किया गया।

    कार्यक्रम में गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब के प्राचार्य डॉ विभव कुमार शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता, हिंदी, अंग्रेजी व काव्य प्रस्तुति व संस्कृत भाषा में श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता आयोजित की गई।

    उप प्राचार्या डॉ उत्तमा पांडे ने मंच से सभी का स्वागत किया। मंच संचालन करते हुए समिति की समन्वयक प्रो रीना चौहान ने साहित्यिक समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

    निर्णायक मंडल में प्रो सरिता बंसल, प्रो० कमल डोगरा, प्रो लक्षिता, प्रो राजन कौशल, डॉ के०आर० तोमर, प्रो सौरभ ठाकुर ने अपनी अहम भूमिका निभाई।समिति सदस्यों द्वारा अतिथियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।

    साहित्यिक सोसाइटी के विद्यार्थी इशिका ने मंच संचालन किया। इस कार्यक्रम में जिले के छह महाविद्यालय के 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया।विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं की घोषणा की गई। भाषण प्रतियोगिता में नाहन कॉलेज के शिवम, सराहन कॉलेज की हिमानी और संस्कृत कॉलेज नाहन की स्मृति ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    अंग्रेजी भाषा में कविता पाठ प्रतियोगिता में नाहन कॉलेज की इशिका, पझौता कॉलेज की रजनी और नाहन कॉलेज की साही ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।हिंदी भाषा में कविता पाठ में नाहन कॉलेज के प्रिंस और अनुष्का ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया और पांवटा कॉलेज की काजल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    संस्कृत भाषा में श्लोक उच्चारण में संस्कृत कॉलेज नाहन की छात्राएं राधिका और भगवती ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया और शिवम तीसरे स्थान पर रहे।इस अवसर पर विभिन्न कॉलेज से आए प्राध्यापकों ने भी कविता पाठ कर महाविद्यालय की साहित्यिक समिति का मनोबल बढ़ाया।

    अपने संबोधन में डॉ विभव शुक्ला ने महाविद्यालय के इस अनूठे प्रयास की तारीफ करते हुए कहा कि जरूरी नहीं है कि ऊंची उड़ान के लिए पंखों की जरूरत होती है हौसले मजबूत हो तो हर मुकाम को हासिल किया जा सकता हैl

  • नई दिल्ली /आदि महोत्सव में चंबा के पारंपरिक उत्पादों की बढ़ती मांग

    नई दिल्ली /आदि महोत्सव में चंबा के पारंपरिक उत्पादों की बढ़ती मांग

    राधा सेल्फ हेल्प ग्रुप के स्टॉल पर उमड़ी ग्राहकों की भीड़

    नई दिल्ली : जनजातीय मंत्रालय द्वारा मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित “आदि महोत्सव” में चंबा के राधा सेल्फ हेल्प ग्रुप का स्टॉल ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस स्टॉल पर चंबा के पारंपरिक और जैविक उत्पादों की बिक्री हो रही है, जिन्हें खरीदने के लिए लोग उत्साहित नजर आ रहे हैं।

    चंबा के स्थानीय उत्पादों को मिल रही सराहना

    महोत्सव में चंबा के प्रसिद्ध खाद्य उत्पाद जैसे चुख, काला मटर, पहाड़ी नमक और गुच्छी की काफी मांग देखी जा रही है। चुख, जो तीखे स्वाद के लिए जाना जाता है, को लोग खासतौर पर पसंद कर रहे हैं। काला मटर, जो प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर होता है, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक ग्राहकों की पहली पसंद बन रहा है। इसके अलावा, पहाड़ी नमक और दुर्लभ जंगली मशरूम गुच्छी की मांग भी लगातार बढ़ रही है।

    ग्राहकों का उत्साह और प्रतिक्रिया

    महोत्सव में खरीदारी कर रहे एक ग्राहक ने बताया कि वे हिमाचली उत्पादों के बारे में सुन चुके थे, लेकिन पहली बार इन्हें खरीदने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चंबा के जैविक और स्थानीय उत्पाद न केवल स्वादिष्ट हैं बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हैं।

    आदि महोत्सव का उद्देश्य

    इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न जनजातीय समुदायों के पारंपरिक उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना है। महोत्सव में देशभर से आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के उत्पादकों को अपने सामान को प्रदर्शित करने और बेचने का अवसर दिया गया है। यह आयोजन स्थानीय कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी मदद कर रहा है।

  • लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री का चंबा प्रवास, कई विकास कार्यों का होगा शुभारंभ

    लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री का चंबा प्रवास, कई विकास कार्यों का होगा शुभारंभ

    विक्रमादित्य सिंह तीन दिवसीय दौरे पर चंबा में, सड़कों के उन्नयन कार्यों की करेंगे समीक्षा

    चंबा, 19 फरवरी 2025 : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह चंबा जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर आ रहे हैं। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इस दौरे के दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और निरीक्षण करेंगे।

    20 फरवरी : डलहौजी आगमन

    विक्रमादित्य सिंह 20 फरवरी को शाम 8:00 बजे डलहौजी पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि ठहराव होगा।

    21 फरवरी : सड़क परियोजनाओं की आधारशिला और जन समस्याओं का समाधान

    21 फरवरी को सुबह 10:00 बजे वे चर्च बैलून सड़क पर बनने वाली कार पार्किंग की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद, दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 के तहत मैड़ा-चखोतर उन्नयन सड़क का निरीक्षण करेंगे। डांड में वे स्थानीय नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे। शाम 3:30 बजे वे लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, किहार पहुंचेंगे, जहां कुछ समय के लिए ठहरेंगे। इसके बाद, 5:00 बजे वे किहार से रवाना होकर शाम 7:30 बजे भंजराड़ू (तीसा) पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि ठहराव लोक निर्माण विश्राम गृह भंजराड़ू में होगा।

    22 फरवरी: सड़क निरीक्षण और उद्घाटन

    सुबह 10:00 बजे वे भंजराड़ू (तीसा) से कोटी के लिए रवाना होंगे। 11:30 बजे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना-3 के अंतर्गत उन्नयन सड़क कियानी-राजनगर-चकलू-कोटी का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा, नाबार्ड के अंतर्गत चंडी-बडोह बाया भटोली सड़क के शेष कार्य का उद्घाटन करेंगे। शाम 4:00 बजे वे कोटी से रवाना होकर 5:00 बजे चंबा पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि ठहराव होगा।

    23 फरवरी: समीक्षा बैठक और भूमि पूजन कार्यक्रम

    23 फरवरी को सुबह 10:00 बजे वे जिला मुख्यालय चंबा के एनआईसी हॉल में लोक निर्माण विभाग, सर्किल डलहौजी से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर 2:00 बजे वे चंबा से रजेरा के लिए रवाना होंगे, जहां 2:15 बजे सिलाघराट से अयल सड़क के मेटलिंग और टारिंग कार्य का भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही संपर्क सड़क गुवाड, बैली-रजेरा-संगेड़, त्राला से बरेही सड़क और नाबार्ड के अंतर्गत कांदू पंजोह सड़क का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 के अंतर्गत उन्नयन रजेरा-धुलाड़ा सड़क का भी निरीक्षण करेंगे। इसके बाद, वे शाम 4:30 बजे रजेरा से ज्वालामुखी के लिए रवाना होंगे।