23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा..
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। पुलिस ने आईजीएमसी शिमला में शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई होगी। फिलहाल पुलिस ने आईपीसी की धारा 174 के तहत कार्यवाही अमल में लाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला के मल्याणा में कुछ लोगों ने एक युवक देवांश निवासी पंथाघाटी को गाड़ी में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा। जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक को गाड़ी से बाहर निकालकर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, शिमला पुलिस के एएसपी सिटी रमेश कुमार ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि आईजीएमसी शिमला में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। उन्होंने बताया कि शरीर पर किसी भी तरह के चोटों के निशान नहीं पाए गए हैं। युवक की मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।