29 वर्षीय विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगलकर की आत्महत्या, पति गिरफ्तार
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा में सुलह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते उपमंडल धीरा के तहत गांव गग्गल खास की एक विवाहिता द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका महिला की पहचान सुनीता (29) पत्नी लक्ष्मीकांत के तौर पर हुई है।
पुलिस ने मायका पक्ष के बयान पर 498-ए और धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है। मायका पक्ष ने मृतका के पति लक्ष्मीकांत पर आरोप लगाए हैं कि वह उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था, जिस कारण उसने जहर खाकर जान दे दी।
जानकारी के मुताबिक, सुनीता ने अचानक ही जहर का सेवन कर लिया था। तबियत बिगड़ने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धीरा ले जाया गया, जहां से डाॅ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रैफर किया गया। जहां महिला की मौत हो गई है।
बता दें सुनीता की शादी लगभग 10 साल पहले गग्गल खास निवासी लक्ष्मीकांत से हुई थी जोकि पेशे से स्कूल बस चालक है। वहीं पुलिस ने मायका पक्ष की तरफ से लगाए गए आरोपों पर मृतका के पति काे गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी भवारना केहर सिंह ने मामले की पुष्टि की है।