NDPS / चंडीगढ़ से रेणुकाजी जा रही कार में हो रही थी नशे की तस्करी, लोहारड़ी में नाकेबंदी में धरे गए ये शख्स
NDPS : सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने लोहारड़ी के पास नाकेबंदी के दौरान दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आल्टो कार को रोककर तलाशी ली जिसमें 7.21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
नाहन
सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने ये कार्रवाई दोसड़का का समीप लोहारड़ी में अमल में लाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज का आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 26 जून को स्पेशल डिटेक्शन सेल की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि दो युवक काफी समय से चिट्टा बेचने का धंधा कर रहे हैं और शुक्रवार को आल्टो कार में चंडीगढ़ से चिट्टे की खेप लेकर रेणुकाजी की ओर जा रहे हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वर्षा शालिका लोहारड़ी के पास नाकाबंदी कर उक्त कार को रोका। पूछताछ के दौरान युवकों ने अपनी पहचान गौरव ठाकुर और देविंद्र शर्मा निवासी ददाहू, जिला सिरमौर के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 7.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।एसपी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले में आगामी जांच जारी है।