29 फरवरी से नहीं, अब इस दिन से लगेगा पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर प्रतिबंध….
भारतीय रिजर्व बैंक ने पेटीएम को बड़ी राहत देते हुए 15 दिन की छूट दी है। अब पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर प्रतिबंध सीमा 29 फरवरी से लागू नहीं होगी, बल्कि इसे 15 दिन और आगे बढ़ा दिया गया है। अब पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर प्रतिबंध 15 मार्च के बाद लागू होगा।
इसका मतलब है कि पेटीएम वॉलेट, फास्टैग और ग्राहक खातों में लेनदेन 15 मार्च 2024 तक किया जा सकता है। इसके साथ ही आरबीआई ने पेटीएम को लेकर एफएक्यू भी जारी किया है।
दरअसल, 31 जनवरी 2024 को भारतीय रिजर्व बैंक ने बड़ा कदम उठाते हुए पेटीएम की बैंकिंग सर्विस को बंद करने का आदेश जारी किया था, जिसे 29 फरवरी 2024 से लागू होना था, लेकिन अब इस तारीख में संशोधन किया गया है।
आरबीआई ने 31 जनवरी को कहा था कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर नियामक कार्यवाही की गई है, जिसके चलते पेटीएम पेमेंट्स बैंक अकाउंट में ट्रांजेक्शन, पेटीएम वॉलेट, फास्ट टैग और टॉपअप जैसी सर्विस 29 फरवरी के बाद बंद हो जाएगी।