Loading...

400 मीटर में गोल्ड जीतकर चमकी हिमाचल की प्रिया ठाकुर, मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी बधाई

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 15 Jan 2026 Edited 15 Jan 1 min read

हिमाचल प्रदेश की बेटी प्रिया ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है। 85वीं ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

शिमला

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
85वीं ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025-26 में प्रिया ठाकुर ने 400 मीटर दौड़ को मात्र 53.33 सेकंड में पूरा कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें देश की शीर्ष धाविकाओं की सूची में शामिल कर दिया है।

हमीरपुर डिग्री कॉलेज की छात्रा हैं प्रिया
प्रिया ठाकुर हमीरपुर डिग्री कॉलेज की छात्रा हैं और उनका संबंध ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र से है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रिया ठाकुर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रिया की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
प्रिया ठाकुर की इस उपलब्धि से न केवल हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन हुआ है, बल्कि यह संदेश भी गया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।