Loading...

एशियन गेम्स 2026 में नीरू ढांढा का स्वर्णिम निशाना, ट्रैप शूटिंग में रिकॉर्ड बनाकर रचा इतिहास

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नीरू ढांढा ने एशियन गेम्स 2026 की महिला ट्रैप शूटिंग एकल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने फाइनल में 30 में से 28 निशाने सटीक लगाते हुए एशियन गेम्स का रिकॉर्ड बनाया। वह एशियाई खेलों के इतिहास में ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बन गई हैं। यह प्रतियोगिता में भारत का पांचवां गोल्ड और कुल 47वां पदक है।

एशियन गेम्स 2026

फाइनल मुकाबले में चीन की सुन युनगोंग ने 26 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 का स्कोर बनाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। नीरू ने क्वालीफिकेशन दौर में भी मजबूत प्रदर्शन किया था। वह 118 के स्कोर के साथ कतर की शूटर के बराबर संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रही थीं। फाइनल में उन्होंने अपने प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

48 साल बाद ट्रैप एकल स्पर्धा में भारत को गोल्ड

भारत ने एशियन गेम्स की किसी ट्रैप शूटिंग एकल स्पर्धा में इससे पहले वर्ष 1978 में गोल्ड मेडल जीता था। उस समय रणधीर सिंह ने पुरुष ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके बाद 48 वर्षों तक भारत इस स्पर्धा में गोल्ड नहीं जीत सका। नीरू की उपलब्धि इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि एशियन गेम्स के 75 साल के इतिहास में उनसे पहले किसी भारतीय महिला शूटर ने ट्रैप एकल स्पर्धा का गोल्ड नहीं जीता था।

2026 में नीरू की दूसरी बड़ी उपलब्धि

नीरू ढांढा के लिए वर्ष 2026 उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने जुलाई में इटली में आयोजित शॉटगन वर्ल्ड कप के ट्रैप इवेंट में भी गोल्ड मेडल जीता था। इसके साथ वह ट्रैप शूटिंग में वर्ल्ड कप गोल्ड हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बनी थीं। एशियन गेम्स की इस जीत के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है और भारतीय दल पदक तालिका में ग्यारहवें स्थान पर है।

भारत के खाते में पांचवां स्वर्ण पदक

एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का पांचवां गोल्ड मेडल है। नीरू ढांढा से पहले महिला क्रिकेट टीम, महिला और पुरुष कबड्डी टीम तथा शूटिंग में कमलजीत और सुरुची सिंह ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते हैं। महिला ट्रैप शूटिंग में नीरू की जीत ने भारत की पदक संख्या बढ़ाने के साथ एक नया रिकॉर्ड भी स्थापित किया है। वह अब एशियन गेम्स की चैंपियन और इस स्पर्धा की रिकॉर्डधारी बन गई हैं।

Related Topics: •