Loading...

42 हजार न्यूनतम वेतन और 21 हजार पेंशन की मांग पर दिल्ली में गरजेंगे मजदूर, सिरमौर से सैकड़ों करेंगे कूच

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

चार श्रम संहिताओं के खिलाफ सीटू का तीन दिवसीय महापड़ाव, मजदूरों के अधिकारों पर हमला नहीं होगा बर्दाश्त : आशीष कुमार

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन

42 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन, 21 हजार रुपये न्यूनतम पेंशन और रोजगार की सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर मजदूर वर्ग अब देश की राजधानी दिल्ली में आवाज बुलंद करेगा। केंद्र सरकार की श्रम नीतियों और चार श्रम संहिताओं के विरोध में सीटू के आह्वान पर 1, 2 और 3 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महापड़ाव में जिला सिरमौर से भी सैकड़ों मजदूर भाग लेंगे।

इस आंदोलन में आंगनवाड़ी, मिड-डे मील, निर्माण एवं औद्योगिक मजदूरों के साथ आउटसोर्स कर्मचारी भी बड़ी संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।सीटू जिला सिरमौर के महासचिव आशीष कुमार और मिड-डे मील ब्लॉक अध्यक्ष नसीम मोहम्मद ने कहा कि दशकों के संघर्ष से हासिल मजदूरों के अधिकारों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर मेहनतकश जनता महंगाई, बेरोजगारी, कम वेतन और असुरक्षित रोजगार की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर बड़े पूंजीपतियों को टैक्स में छूट देने और सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की नीतियां अपनाई जा रही हैं।

मजदूर नेताओं ने आरोप लगाया कि श्रमिकों से 12-12 घंटे काम करवाने की कोशिश की जा रही है, जबकि उन्हें सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा देने से सरकार पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि चार श्रम संहिताओं के माध्यम से ट्रेड यूनियन अधिकारों, हड़ताल के अधिकार और सामूहिक सौदेबाजी की ताकत को कमजोर किया जा रहा है।

दिल्ली महापड़ाव के दौरान 42 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन, 21 हजार रुपये न्यूनतम पेंशन, सभी मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा, ठेका एवं आउटसोर्स कर्मचारियों का नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन, स्कीम वर्करों को मजदूर का दर्जा देने और चारों श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।

आशीष कुमार ने कहा कि आंगनवाड़ी और मिड-डे मील वर्कर देश की भावी पीढ़ी को संवारने का काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक सम्मानजनक वेतन और कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल पाया है।उन्होंने कहा कि निर्माण और औद्योगिक मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।

वहीं, आउटसोर्स कर्मचारियों से स्थायी प्रकृति का काम करवाने के बावजूद उन्हें अस्थायी रोजगार और कम वेतन तक सीमित रखा जा रहा है।मजदूर नेताओं ने जिला सिरमौर के तमाम मजदूरों और कर्मचारियों से आपसी मतभेद भुलाकर दिल्ली महापड़ाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

आशीष कुमार ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष महज वेतन बढ़ाने का नहीं, बल्कि मजदूरों के सम्मान, रोजगार की सुरक्षा, सामाजिक न्याय और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है। जब तक मेहनतकश वर्ग को उसका हक नहीं मिलता, सीटू का संघर्ष जारी रहेगा।