Loading...

5 हिमाचली छात्र मणिपुर से निकले सुरक्षित, सीएम सुक्खू को कॉल करते ही……

Ankita • 8 May 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एक बार फिर संकटमोचक के रूप में उभरकर सामने आए हैं। दरअसल, मणिपुर हिंसा के बीच हिमाचल प्रदेश के बच्चों ने रविवार शाम सात बजे मुख्यमंत्री को फोन कर वहां से रेस्क्यू करने के लिए मदद मांगी। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत पांच बच्चों को इम्फाल ईस्ट से रेस्क्यू करवाया, जिनमें एक लड़की भी शामिल है।

इनमें से तीन बच्चे एनआईटी के, जबकि दो नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मणिपुर के विद्यार्थी हैं। रेस्क्यू किए गए बच्चों में से सिमरन, सुजल कौंडल, अश्वनी कुमार मंडी, नवांग छेरिंग कुल्लू और केशव सिंह हमीरपुर जिला का रहने वाला है। सीएम सुक्खू ने कहा कि अगर अन्य किसी हिमाचली को भी मणिपुर से बाहर निकलने के लिए मदद की आवश्यकता है तो वह फोन नंबर 89883-41921, 0177-2929688, 0177-2629439 पर कॉल कर सकते हैं।

राज्य सरकार उन्हें हर संभव मदद प्रदान करने का प्रयास करेगी। सीएम सुक्खू ने खुद रेस्क्यू मिशन की निगरानी की। बच्चों को मणिपुर से बाहर निकालने में सबसे बड़ी दिक्कत इम्फाल से फ्लाइट न मिलने की थी, क्योंकि सभी फ्लाइट फुल चल रही थीं। ऐसे में उनके लिए सीट का इंतजाम करना टेड़ी खीर साबित हो रहा था।

मुख्यमंत्री के आदेश पर अधिकारियों ने इंडिगो से विशेष फ्लाइट चलाने का अनुरोध किया, जिसे एयरलाइंस ने मान लिया। इंडिगो अधिकारियों का जवाब आया कि सुबह 8:20 बजे इम्फाल से विशेष फ्लाइट उड़ान भरेगी। लेकिन, मुश्किल यहां भी खत्म नहीं हुई, फ्लाइट पर सवार होने के लिए बच्चों को सुरक्षित एयरपोर्ट पर पहुंचाना भी अपने आप में किसी चुनौती से कम नहीं था, क्योंकि यह क्षेत्र हिंसाग्रस्त था।

इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और सेना से संपर्क कर बच्चों को सुरक्षित एयरपोर्ट पर पहुंचाने के लिए मदद मांगी। सेना ने सुबह तड़के सवा पांच बजे बच्चों को इम्फाल एयरपोर्ट पर पहुंचाया। सुबह 10:10 बजे यह बच्चे इम्फाल से निकलकर कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचे।