55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में भीषण गर्मी और लू के चलते 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग पाएगा। मृतक की पहचान रमेश कुमार (55) पुत्र जगदीश कुमार निवासी वार्ड नं.-9 डमटाल तहसील इंदौरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक रमेश कुमार मोहटली में किराए के कमरे में रहता था और डमटाल में नया मकान बना रहा था। कुछ लोगों ने गत दिन रमेश को आम के बगीचे में बैठे हुए देखा और उस समय उसकी सेहत ढीली दिखाई दे रही थी। लोगों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आशंका जताई जा रही है कि रमेश कुमार की मौत गर्मी और लू लगने की वजह से हुई है। थाना डमटाल प्रभारी कल्याण सिंह ने मामले की पुष्टि की है।