8 वर्षीय बच्ची को सांप ने काटा, हुई मौत
HNN/ सोलन
जिला सोलन के छावनी क्षेत्र के साथ लगती कक्ड़हट्टी पंचायत के ग्राम कक्ड़हट्टी में एक दुखद घटना पेश आई है। यहां 8 वर्षीय बच्ची को सांप ने काट लिया, जिस कारण उसकी मौत हो गई। बच्ची की सर्पदंश से मृत्यु होने पर क्षेत्र में माहौल गमगीन है। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका रो रो कर बुरा हाल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, 8 वर्षीय बच्ची तन्वी अपने घर में थी। इस दौरान अचानक कहीं से सांप आया और उसने बच्ची को डस लिया। तन्वी ने सांप के काटने के बाद अपने दादा को बताया। जिसके बाद परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल सोलन ले गए, लेकिन दोहरी दीवार पहुंचते ही उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।
बच्ची अस्पताल ले जाते समय रोते हुए कह रही थी कि मुझे बचा लो। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। तन्वी सुबाथू छावनी के शौर्य पब्लिक स्कूल में तीसरी की छात्रा थी।
उसके पिता रविकांत भारतीय सेना में जम्मू कश्मीर के लेह में तैनात हैं तथा माता गृहिणी हैं। पंचायत प्रधान रोशन लाल ने बताया कि प्रशासन की ओर से परिजनों को 25,000 रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है।