Loading...

Accident : बड़ूही के पास कार-पिकअप की टक्कर में पांच घायल, कटर से निकाला फंसा व्यक्ति

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 56 Mins Ago • 1 Min Read

Accident: ऊना जिले के उपमंडल अम्ब में बड़ूही के पास ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और पिकअप की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। कार में फंसे एक व्यक्ति को कटर से वाहन काटकर बाहर निकाला गया। सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल

यह हादसा मंगलवार को दिलवां पंचायत के पास हुआ। बताया गया है कि कार में सवार लोग रेलवे स्टेशन अम्ब के समीप रहने वाले हैं और अम्ब की ओर जा रहे थे। दूसरी ओर, पिकअप में सवार अमृतसर के श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी के दर्शन के बाद नयनादेवी मंदिर जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार विपरीत दिशा में जाकर सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई।

टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार एक व्यक्ति वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया था। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीण, दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा घायलों को वाहनों से निकालने और अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। फंसे व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए कटर से कार का हिस्सा काटना पड़ा। इसके बाद सभी पांच घायलों को एंबुलेंस की सहायता से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।

हादसे के कारण ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई। पुलिस ने कार और पिकअप के बीच हुई टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related Topics: