Accident: चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर बस-स्कूटी की टक्कर, मंडी के युवक-युवती की मौत
Accident: चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोहलूनाला के समीप मंगलवार रात करीब 9:45 बजे निजी बस और स्कूटी की टक्कर में मंडी जिले के युवक और युवती की मौत हो गई। स्कूटी पर सवार दोनों युवक-युवती मनाली की ओर जा रहे थे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
कुल्लू
जानकारी के अनुसार, स्कूटी चला रही युवती की पहचान मंडी जिले के सुंदरनगर स्थित सिहली निवासी कशिश के रूप में हुई है। सामने से आ रही निजी बस से टक्कर के बाद कशिश की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी पर पीछे बैठे त्रिफालघाट निवासी पवन कुमार के पुत्र आदित्य को गंभीर हालत में कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
कुल्लू के एसपी अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बस चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू करवा दिया।