Accident / ननखड़ी-पुनन सड़क पर कार खाई में गिरी, पिता-बेटी की मौत
Accident : शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि एक किशोर और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ननखड़ी-पुनन सड़क पर उस समय हुआ जब एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
शिमला/ननखड़ी
पुलिस के अनुसार हादसे का पता शनिवार आधी रात के बाद चला। कार में कुल चार लोग सवार थे, जो रात के समय अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुनन के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलने के बाद थाना ननखड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस को घटनास्थल पर सफेद रंग की कार क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। हादसे में 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी 16 वर्षीय बेटी आकृति की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ननखड़ी तहसील के शौली क्षेत्र के लौहटी गांव के निवासी थे। हादसे में कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा अरव और कार चालक 55 वर्षीय सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को आईजीएमसी किया गया रेफर
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक सतपाल निवासी लौहटी, ननखड़ी कार चला रहा था।
पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
