Accident: चलाली में एचआरटीसी बस से टकराई बाइक, 20 वर्षीय छात्र की मौत
Accident: जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चलाली में सोमवार सुबह एचआरटीसी बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गांव गुरल निवासी 20 वर्षीय छात्र दीपक भारद्वाज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दीपक बाइक से ढलियारा स्थित अपने शिक्षण संस्थान जा रहा था। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
कांगड़ा/चलाली
जानकारी के अनुसार, दीपक भारद्वाज रोजाना की तरह सोमवार सुबह बाइक पर सवार होकर पढ़ाई के लिए ढलियारा जा रहा था। चलाली के मुख्य सड़क मार्ग पर एक तीखे मोड़ के पास उसकी बाइक सामने से आ रही एचआरटीसी बस से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना मोइन पुलिस चौकी और पंचायत प्रतिनिधियों को दी।
सूचना मिलने के बाद मोइन थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से संबंधित साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दीपक भारद्वाज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा गोपीपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस एचआरटीसी बस और बाइक की टक्कर से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है।