Accident / चंबा-संघणी मार्ग पर खाई में गिरी कार, अध्यापिका की मौत; परिवार के चार सदस्य घायल
Accident / चंबा-संघणी मार्ग पर शल्यूंड नाले के पास रविवार सुबह एक कार खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार अध्यापिका की मौत हो गई, जबकि उनके पति, दो बच्चे और भाभी घायल हो गए। परिवार बणी गांव से सलूणी जा रहा था। घायलों में शामिल तीन वर्षीय बेटे की हालत में सुधार नहीं होने पर उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
चंबा/सलूणी
हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सलूणी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के बावजूद तीन वर्षीय समर्थ की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद रविवार दोपहर उसे आगामी उपचार के लिए कांगड़ा जिले के टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अन्य घायलों का भी उपचार किया गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस कार के खाई में गिरने के कारणों की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।
क्रैश बैरियर नहीं होने पर उठे सवाल
हादसे के बाद चंबा-संघणी मार्ग पर शल्यूंड नाले के पास सड़क सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर क्रैश बैरियर लगने चाहिए। सलूणी पंचायत के प्रधान मदन मोहन शर्मा के अनुसार, मार्ग के इस हिस्से में क्रैश बैरियर नहीं हैं और इस समस्या से लोक निर्माण विभाग को पहले भी अवगत करवाया गया था।
पंचायत प्रधान ने बताया कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने के लिए विभाग को दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार ने कहा कि मामला विभाग के ध्यान में लाया गया है और संबंधित स्थान पर जल्द क्रैश बैरियर लगाने की व्यवस्था की जाएगी। तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर के अनुसार, मृतका के परिजनों को प्रशासन ने 25 हजार रुपये की फौरी राहत दी है।