Loading...

Accident: चंडीगढ़-मनाली हाईवे की टनल में दो ट्रकों की टक्कर, तीन की मौत और आठ घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Accident: चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग की टनल नंबर 12 में गुरुवार सुबह पंजाब और हिमाचल नंबर के दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

मंडी/औट

हादसा सुबह करीब पौने आठ बजे हुआ। टक्कर के कारण दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही औट पुलिस की टीम और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एंबुलेंस से नगवाईं स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद आगामी इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजा गया।

घायलों को श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है। दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Related Topics: