Accident / हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर कार खाई में गिरी, एक युवक की मौत, चालक घायल
Himachalnow / सिरमौर
Accident :: जिला सिरमौर के हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
नाहन/संगड़ाह
जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक ऑल्टो कार सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार केदार सिंह पुत्र थुम्बड़ू राम निवासी गांव व डाकघर बड़ोल, तहसील संगड़ाह ने थाना संगड़ाह में शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी ऑल्टो कार नंबर HP71A-7649 को मंगलवार शाम उनके भतीजे विरेन्द्र सिंह पुत्र बहादुर सिंह घर जामना जाने के लिए लेकर गया था। कार में गांव जामना का जगदीश भी सवार था।
रात करीब 3:30 बजे विरेन्द्र सिंह ने फोन कर सूचना दी कि हरिपुरधार से रोनहाट रोड पर शालना मोड़ के पास करीब एक किलोमीटर आगे उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलने पर केदार सिंह अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर कार सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई मिली। हादसे में चालक विरेन्द्र सिंह घायल अवस्था में मिला, जबकि कार में सवार 26 वर्षीय जगदीश पुत्र रामसा राम निवासी गांव जामना डाकघर बड़ोल, तहसील संगड़ाह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन को तेज रफ्तारी और लापरवाही से चलाना पाया गया है। पुलिस ने थाना संगड़ाह में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।