Accident: माहूंनाग में सड़क से नीचे गिरी कार, एक की मौत और दो लोग गंभीर घायल
Accident: मंडी जिले के माहूंनाग क्षेत्र में मेहरन के पास मंगलवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे निचली सड़क पर जा गिरी। हादसे में कार सवार मोहन सिंह की मौत हो गई, जबकि विनीत और चूड़ामणि गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मंडी/करसोग
जानकारी के अनुसार, मेहरन निवासी मोहन सिंह, विनीत और चूड़ामणि कार में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे मेहरन के समीप पहुंचने पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गिरकर निचली सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। शिमला ले जाते समय मोहन सिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि विनीत और चूड़ामणि का उपचार किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
