Accident : मेलियो पुल के पास अचानक ब्रेक लगाने से महिला सड़क पर गिरी, चालक पर मामला दर्ज
Accident : पांवटा साहिब क्षेत्र के मेलियो पुल के पास मोटरसाइकिल पर अचानक ब्रेक लगाने से पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल महिला का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है। शिकायत के आधार पर माजरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब
पुलिस के अनुसार, संतोषगढ़ निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि 28 अगस्त 2026 को उसी गांव का दलजीत अपनी माता श्यामा देवी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर माजरा की ओर जा रहा था। जब वे मेलियो पुल के पास पहुंचे तो दलजीत ने मोटरसाइकिल पर अचानक ब्रेक लगा दिए।
इसके कारण पीछे बैठी श्यामा देवी उछलकर सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस थाना माजरा ने चालक दलजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
