Loading...

Accident: नेरवा में ऑल्टो कार खाई में गिरी, महिला की मौत और चार लोग घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 41 Mins Ago • 1 Min Read

Accident: नेरवा से करीब एक किलोमीटर दूर हडेऊ नाला के पास रविवार को एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। अन्य घायलों का नेरवा अस्पताल में उपचार चल रहा है।

नेरवा

जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार नंबर एचपी 08ए-8604 शलन-टिकरी से नेरवा की ओर जा रही थी। हडेऊ नाला के समीप पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल नेरवा ले जाया गया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

हादसे में महिला की मौत

मृत महिला की पहचान नीतू पत्नी नरेश कुमार, निवासी गांव हिराह, तहसील नेरवा, जिला शिमला के रूप में हुई है। घायलों में रितिक पुत्र हरी राम, नरेश पुत्र मस्त राम और कामरा पुत्री नरेश कुमार शामिल हैं। ये सभी गांव हिराह, डाकघर धनत, तहसील नेरवा के निवासी हैं। हादसे में गांव व डाकघर मनेवटी, तहसील नेरवा निवासी श्वेता देवी भी घायल हुई हैं। कुछ घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला भेजा गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। चौपाल के एसडीएम हेमचंद वर्मा ने हादसे पर दुख जताते हुए तहसीलदार नेरवा को प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल फौरी राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने घायलों को पांच-पांच हजार रुपये और मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया गया है।

Related Topics: