Accident: पीरनिगाह से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन खाई में गिरा, करीब 50 घायल
Accident: ऊना के पीरनिगाह मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर वाला मालवाहक वाहन मंगलवार सुबह खाई में गिर गया। हादसे में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत करीब 50 श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के अलावा पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के इलाकों से श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को पीरनिगाह पहुंचा था। श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेकने के साथ लंगर भी लगाया था। मंगलवार सुबह वे माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में दर्शन करने के बाद घर लौटने की तैयारी में थे। इसी दौरान मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई वाले हिस्से में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया।

नियंत्रण खोने के बाद वाहन सड़क से बाहर निकलकर खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को वाहन से बाहर निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
