Accident: सांगला-छितकुल मार्ग पर 125 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत; एक गंभीर घायल
Accident: किन्नौर के सांगला-छितकुल मार्ग पर बटसेरी के समीप बारकी में रविवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर करीब 125 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में चालक कमल मेहता की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार में सवार मुनीश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
किन्नौर
पुलिस के अनुसार दुर्घटना रविवार सुबह करीब चार बजे हुई। शिमला के धनयोटी गांव निवासी कमल मेहता (34) स्विफ्ट कार संख्या एचपी 06बी 4640 में रक्छम से सांगला की ओर जा रहे थे। बटसेरी के पास बारकी में अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कमल मेहता के साथ शिमला के बखौल गांव निवासी मुनीश चौहान (28) भी सवार थे, जिन्हें हादसे में गंभीर चोटें आई हैं।
ग्राम पंचायत बटसेरी की प्रधान कांता नेगी ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद थाना प्रभारी देवेंद्रनाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक चंदन सिंह, आरक्षी गिरीराज और आरक्षी चेतन शामिल थे। घटनास्थल पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की।
किन्नौर के पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी। दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच जारी है।