Accident: सिरमौर के पांवटा साहिब में ट्राले ने बाइक को मारी टक्कर, 25 वर्षीय युवक की मौत
Accident: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। बांगरण बाईपास पर हुए इस सड़क हादसे में 25 वर्षीय ऋतिक पुंडीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्राला चालक को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब
जानकारी के अनुसार, हादसा बद्रीपुर चौक के पास बांगरण बाईपास पर रात करीब 10 बजे के बाद हुआ। दुगाना निवासी ऋतिक पुंडीर अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि ऋतिक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ऋतिक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देहरादून भेज दिया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर ट्राला चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ट्राले को भी कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।