Agniveer Recruitment / वर्ष 2027 के लिए अग्निवीर भर्ती पंजीकरण प्रक्रिया शुरू, 1 अप्रैल तक अवसर
भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती योजना के तहत वर्ष 2027 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। सोलन, शिमला, सिरमौर और किन्नौर के युवाओं को 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर मिलेगा।
सोलन
ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
भर्ती कार्यालय शिमला के भर्ती निदेशक कर्नल मनीष सिंह ने बताया कि सभी योग्य उम्मीदवारों के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। पंजीकरण की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी।
इन ट्रेड्स के लिए होगी भर्ती
उन्होंने जानकारी दी कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर टेक्निकल तथा अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस के लिए ऑनलाइन परीक्षा विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार अधिकतम दो ट्रेड्स के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
कर्नल मनीष सिंह ने बताया कि भर्ती की पात्रता, शैक्षणिक योग्यता और अन्य शर्तें वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। साथ ही बदली हुई प्रक्रिया को समझने के लिए वीडियो लिंक भी प्रदान किए गए हैं, जिससे उम्मीदवार पंजीकरण और ऑनलाइन परीक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें।
उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि आवेदन करने से पहले वेबसाइट पर दी गई पात्रता और दिशा-निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर लें।