आराम नहीं, काम… प्रचार थमा तो विकास कार्यों के निरीक्षण में जुटे विधायक अजय सोलंकी
चुनाव प्रचार थमने के बाद विधायक अजय सोलंकी विकास कार्यों के निरीक्षण में जुट गए हैं। उन्होंने जबल का बाग–त्रिलोकपुर लिंक रोड निर्माण कार्य का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। क्षेत्र के लोगों ने सड़क निर्माण कार्य में तेजी आने पर खुशी जताई है।
नाहन
पंचायती राज चुनावों के व्यस्त कार्यक्रम और चुनाव प्रचार थमने के बाद जहां कई नेता राजनीतिक गतिविधियों से कुछ राहत लेते नजर आते हैं, वहीं नाहन के विधायक अजय सोलंकी अलग अंदाज में दिखाई दिए। चुनाव प्रचार पर रोक लगने के बाद विधायक सीधे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने निकल पड़े और लंबे समय से प्रतीक्षित “जबल का बाग–त्रिलोकपुर वाया कंडाईवाला खड़को लिंक रोड” निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
इस दौरान विधायक अजय सोलंकी ने किसी औपचारिक काफिले के बजाय खुद बोलेरो गाड़ी चलाकर पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। सड़क के कटिंग कार्य की प्रगति की सूचना मिलने पर वह सीधे मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पूरे मार्ग पर चलकर विभिन्न हिस्सों की स्थिति देखी और निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान जहां भी हल्की खामियां या सुधार की जरूरत दिखाई दी, वहां संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। विधायक ने साफ कहा कि विकास कार्य केवल कागजों और स्वीकृतियों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचना चाहिए।गौरतलब है कि “जबल का बाग–त्रिलोकपुर वाया कंडाईवाला खड़को लिंक रोड” लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की बड़ी मांग रही है। वर्षों से लोग इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे थे। विधायक अजय सोलंकी के प्रयासों से मुख्यमंत्री से करीब 12.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद अब इस सड़क का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जिन रास्तों को कभी लोग सपना समझते थे, आज वहां सड़क निर्माण का कार्य जमीन पर दिखाई दे रहा है। विधायक के इस निरीक्षण ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि उनके लिए राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं, बल्कि विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
