पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंब के एनसीसी कैडेट्स का विद्यालय में हुआ स्वागत
विद्यालय अंब के 24 एनसीसी कैडेट्स ने 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक पूरा किया। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य और विद्यालय परिवार ने कैडेट्स का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और शिविर के अनुभव साझा किए गए।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
बुधवार को पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंब की एनसीसी इकाई के 24 कैडेट्स इंडस यूनिवर्सिटी, बाथू में आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर पूर्ण कर विद्यालय पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी एनसीसी कैडेट्स तथा ए.एन.ओ. गणेश लट्ठ का गर्मजोशी से स्वागत किया।इस अवसर पर विद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिविर में भाग लेने वाले कैडेट्स को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान हेड कैडेट अनिका शर्मा तथा कैडेट सुरयांश ने शिविर के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शिविर में उन्हें अनुशासन, परेड, टीम भावना, सामाजिक सेवा तथा विभिन्न प्रकार के शारीरिक एवं सांस्कृतिक प्रशिक्षण प्राप्त हुए। कैडेट्स ने बताया कि शिविर के दौरान उन्हें नई-नई बातें सीखने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का अवसर मिला।कैडेट्स ने यह भी बताया कि इस शिविर के सीईओ लेफ्टिनेंट कर्नल रविंद्र सिंह ने शिविर की सभी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा। उनके साथ उपस्थित सभी अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का बहुत ही उत्कृष्ट ढंग से निर्वहन किया।
विद्यार्थियों ने बताया कि शिविर में भोजन की व्यवस्था बहुत अच्छी रही तथा किसी भी कैडेट को किसी प्रकार की कमी महसूस नहीं होने दी गई। सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संचालित की गईं, जिससे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्राप्त करने में काफी सुविधा मिली।अन्य विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह शिविर उनके जीवन का एक यादगार अनुभव रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
