Loading...

अंदरोली में पर्यटन को मिली रफ्तार: 66 लाख की परियोजना का लोकार्पण, कुटलैहड़ को पर्यटन हब बनाने की तैयारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 19 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंदरोली में 66 लाख रुपये की पर्यटन परियोजना और मुख्य द्वार का लोकार्पण किया गया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र को पर्यटन हब बनाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में यह अहम कदम है। आने वाले समय में यहां वाटर स्पोर्ट्स और अन्य पर्यटन गतिविधियां शुरू करने की योजना भी है।

ऊना

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंदरोली में पर्यटन विकास को नई गति मिल गई है। विधायक विवेक शर्मा ने 66 लाख रुपये की लागत से तैयार पर्यटन परियोजना और मुख्य द्वार का लोकार्पण किया।इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पंचायत प्रतिनिधि, युवा और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में विकास को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने बताया कि अंदरोली प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर क्षेत्र है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें साकार करने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि नव-निर्मित मुख्य पर्यटन द्वार को आधुनिक और आकर्षक डिजाइन के साथ तैयार किया गया है, जो न केवल क्षेत्र की पहचान बनेगा, बल्कि पर्यटकों का भव्य स्वागत भी करेगा। किसी भी पर्यटन स्थल की पहली छाप उसके प्रवेश द्वार से बनती है, इसलिए इसे विशेष रूप से विकसित किया गया है।विधायक ने कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे। होटल, गाइड सेवा, परिवहन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में युवाओं को काम मिलेगा, जिससे पलायन भी कम होगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में अंदरोली क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू की जाएंगी। गोबिंद सागर झील के आसपास बोटिंग, कायकिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी।विधायक ने बताया कि गोबिंद सागर झील पर प्रस्तावित लठियाणी-मंदली पुल, जिसकी लागत करीब 922 करोड़ रुपये है, क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और पर्यटन विकास को नई दिशा देगा।उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को पर्यटन हब के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है। इसके लिए भविष्य में व्यू-पॉइंट, पार्क, ट्रैकिंग रूट और अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।कार्यक्रम में एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, बीडीओ एल.आर. वर्मा, कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम आसरा शर्मा सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।