Loading...

कानूनी अधिकारों के प्रति संवेदनशील वर्गों को किया जागरूक, विद्यार्थियों को नशे और साइबर अपराधों से बचाव का दिया संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की ओर से सचिव शिखा लखनपाल के मार्गदर्शन में बुधवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के उच्च जोखिम समूहों एवं संवेदनशील वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी देकर सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना के कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग एवं सनराइज एनजीओ के सहयोग से उच्च जोखिम समूहों और संवेदनशील वर्गों के लिए कानूनी जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैनल अधिवक्ता बबीता शर्मा ने प्रतिभागियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, संबंधित कानूनी प्रावधानों, पुलिस के अधिकारों एवं दायित्वों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बुद्धदेव कर्मस्कर बनाम पश्चिम बंगाल राज्य मामले में दिए गए ऐतिहासिक फैसले के महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रकाश डाला और प्रतिभागियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

वहीं, रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल बसाल में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के नशा जागरूकता एवं स्वस्थ जीवन मार्गदर्शन पखवाड़ा अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिवक्ता कुलबीर सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत करवाया। उन्होंने नशे की लत के शुरुआती लक्षणों, इसकी रोकथाम तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। साथ ही बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने में अभिभावकों की जिम्मेदारी और सकारात्मक मार्गदर्शन की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत किया गया। उन्हें इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अपनी निजी जानकारी और ओटीपी किसी के साथ साझा न करने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा लखनपाल ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक कानूनी जानकारी पहुंचाना, लोगों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाकर न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने आमजन से इन जागरूकता कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता एवं जागरूकता बेहद जरूरी है।

Related Topics: • •