हमीरपुर में अनुराग ठाकुर की अगुआई में तिरंगा यात्रा, कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
हमीरपुर में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की अगुआई में भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर वंदे मातरम और तिरंगे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया तथा राहुल गांधी की भाषा और बयानों पर भी निशाना साधा।
हमीरपुर/हमीरपुर
जिला भाजपा की ओर से शुक्रवार को आयोजित तिरंगा यात्रा करीब साढ़े 11 बजे भोटा चौक से शुरू हुई। मुख्य बाजार से गुजरते हुए यात्रा गांधी चौक पहुंची। इसमें भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्कूली छात्र शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तिरंगा यात्रा पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीयों से बेहतर तिरंगे का सम्मान कोई नहीं कर सकता। ठाकुर ने कांग्रेस पर वंदे मातरम और तिरंगे को लेकर राजनीति करने तथा पाकिस्तान के कसीदे पढ़ने का आरोप लगाया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनसे अब मर्यादित भाषा की उम्मीद नहीं की जा सकती। सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने पहले देश की राष्ट्रपति और अब विदेशी राष्ट्र प्रमुखों का अपमान किया है।
