Loading...

नादौन में प्रवासियों के सत्यापन पर प्रशासन सख्त, भूमि मालिकों को नोटिस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नादौन उपमंडल में बिना पुलिस पंजीकरण और सत्यापन के रह रहे प्रवासियों के मामलों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। संबंधित भूमि मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि नगर परिषद नादौन ने खुले में शौच के मामलों में भी नोटिस दिए हैं। प्रशासन अब विशेष अभियान चलाकर प्रवासियों के दस्तावेजों और उन्हें ठहराने वाले भूमि मालिकों की जिम्मेदारी की जांच करेगा।

नादौन

एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने तहसीलदारों को पत्र लिखकर उपमंडल के विभिन्न गांवों में बनी प्रवासियों की झुग्गियों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत झुग्गियों की कुल संख्या, उनमें रहने वाले लोगों की संख्या और अन्य आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। हाल में किए गए निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने पूरे उपमंडल में जांच का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया है।

विशेष अभियान में होगी सत्यापन की जांच

एसडीएम के अनुसार विशेष अभियान के दौरान प्रवासियों के पुलिस पंजीकरण और सत्यापन की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर उपलब्ध तथ्यों और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बिना उचित सत्यापन के लोगों को अपने मकान या भूमि पर ठहराने वाले मालिकों की जिम्मेदारी भी जांची जाएगी। आसपास के क्षेत्रों में सामने आई कुछ गंभीर आपराधिक घटनाओं के संदर्भ में ऐसे व्यक्तियों की संलिप्तता की बातें सामने आने के बाद प्रशासन ने सत्यापन को आवश्यक बताया है।

किरायेदारों का पूरा रिकॉर्ड रखने की अपील

एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी भूमि, मकान या अन्य परिसर में किसी व्यक्ति को किराये अथवा किसी अन्य आधार पर ठहराने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। इसके साथ उचित किरायानामा या लिखित समझौता तैयार करने और परिसर में रहने वाले व्यक्तियों का पूरा रिकॉर्ड अपने पास रखने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है।