Arrest / 17.29 करोड़ के नकली नोट मामले में एनआईए ने मुख्य आरोपी को मनाली से पकड़ा
Arrest / सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में मिले 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोटों के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मुख्य आरोपी हरीश रॉटा को मनाली से गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी नकली भारतीय मुद्रा की छपाई और उसकी अंतरराज्यीय आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क के संचालन में शामिल था। एनआईए अब उससे पूछताछ कर सिंडिकेट और उसके स्थानीय संपर्कों का पता लगा रही है।
मनाली
एनआईए की जांच के अनुसार, हरीश रॉटा को 22 अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया। एजेंसी ने उसे इस षड्यंत्र के मुख्य चेहरों में शामिल बताया है। उस पर बड़े पैमाने पर नकली नोट छापने और विभिन्न संपर्कों के माध्यम से उनकी आपूर्ति करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि नकली नोट सहारनपुर स्थित बैंक की करेंसी चेस्ट तक पहुंचाए गए थे। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े थे।
मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आदेश चौधरी और हाल ही में अंबाला से पकड़े गए अजय कुमार के साथ भी हरीश रॉटा के संबंध सामने आए हैं। यह मामला 29 अगस्त को सहारनपुर के सदर बाजार थाने में सामने आया था। इसके बाद 3 सितंबर को एनआईए ने जांच अपने हाथ में ले ली थी। पूछताछ के आधार पर बैंक की करेंसी चेस्ट तक नकली नोट पहुंचाने वाले पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।