राजगढ़ में पटाखे चलाने को लेकर विवाद, युवक और उसकी मां से मारपीट का आरोप; दोनों को आई चोटें
राजगढ़ के फागू में पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कथित मारपीट तक पहुंच गया। शिकायतकर्ता युवक का आरोप है कि एक व्यक्ति ने पहले उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की और जब उसकी मां बीच-बचाव करने पहुंची तो उसे भी नीचे गिरा दिया। घटना में मां-बेटे दोनों को चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर राजगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर/राजगढ़
फागू में पटाखों को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार फागू निवासी अनुराग ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 20 अक्टूबर को वह अपनी मां मीना के साथ घर से सोलन जा रहा था। फागू में एक दुकान के पास उन्हें तनु भारद्वाज मिला, जिसके साथ उसका कुत्ता भी था। शिकायत के मुताबिक इसी दौरान अनुराग के चाचा के बच्चे पटाखे चला रहे थे। आरोप है कि इसे लेकर तनु भारद्वाज ने आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया।
बीच-बचाव करने आई मां को भी गिराने का आरोप
अनुराग ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की गई। जब उसकी मां मीना उसे छुड़ाने के लिए आगे आई तो आरोपी ने उसे भी नीचे गिरा दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार घटना में उसे और उसकी मां दोनों को चोटें आई हैं। 22 अक्टूबर को दी गई शिकायत के आधार पर राजगढ़ पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।