Arrest: ऊना में दड़ा-सट्टा मामले में एक गिरफ्तार, HRTC चालक से मारपीट का केस दर्ज
Arrest: ऊना जिला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। संतोषगढ़ क्षेत्र में दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1120 रुपये और सट्टा पर्चियां बरामद की गईं। वहीं, ऊना बस स्टैंड पर एचआरटीसी चालक से कथित मारपीट की शिकायत पर दूसरे बस चालक के खिलाफ बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की देर शाम संतोषगढ़ पुलिस चौकी की टीम को छतरपुर टाढा में दड़ा-सट्टा लगाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वार्ड नंबर-4 संतोषगढ़ निवासी भारत भूषण के कब्जे से 1120 रुपये की नकदी और दड़ा-सट्टा पर्चियां बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में एचआरटीसी के बिलासपुर डिपो में चालक के पद पर तैनात अमरनाथ निवासी बंदला, जिला बिलासपुर ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह 9 सितंबर को बस लेकर अमृतसर से बिलासपुर जा रहा था। रात करीब 11:59 बजे ऊना बस स्टैंड पहुंचने पर हरबिन्द्रा बस का मुंशी उसके पास आया और अपने लाला से बात कराने के लिए उसे फोन दिया।
शिकायत के मुताबिक, फोन पर बातचीत के दौरान हरबिन्द्रा बस के चालक मेहर सिंह ने अमरनाथ को कथित रूप से थप्पड़ मारा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद अमरनाथ ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।